छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने एक कार से लगभग साढ़े सात किलो सोने की ज्वेलरी जब्त की है। इसकी कीमत 9 करोड़ 17 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। दरअसल, रविवार रात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर जांच की तो उसमें 3 लोग सवार थे। पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो उसमें पिछली सीट में बने एक चेंबर से दो पीठू बैग मिले। इन बैगों के भीतर छह प्लास्टिक बॉक्स में सोने की ज्वैलरी थे। वहीं कार में मौजूद तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तीनों गुजरात के रहने वाले हैं। यह मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का मामला है। पहले देखिए तस्वीरें अब जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 17 मई 2026 को एनएच-353 स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर की गई। उस समय ओडिशा की ओर से आने वाले सभी वाहनों की सख्त जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक वोक्सवैगन वर्टस कार (क्रमांक GJ 03 NP 4230) को रोका गया। कार में सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ की गई। उन्होंने अपना नाम जयेश अकबरी (32), सुनीत कारेना (22) और रूशी अग्रावत (26) बताया। तीनों गुजरात के राजकोट के रहने वाले हैं। शुरुआती पूछताछ में उनके जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। कार की पिछली सीट में मिला सीक्रेट चेंबर तलाशी के दौरान पुलिस को कार की पिछली सीट में एक सीक्रेट चेंबर मिला। इसी चेंबर के अंदर दो पीठू बैग रखे हुए थे। बैग खोलने पर छह प्लास्टिक के डिब्बे मिले, जिनमें भारी मात्रा में सोने के जेवर थे। बरामद गहनों का वजन जांच में 7512.488 ग्राम यानी करीब 7.5 किलो से ज्यादा पाया गया। कार से 9 करोड़ से ज्यादा के सोने के गहने जब्त पुलिस के मुताबिक, इन सोने के गहनों की कीमत करीब 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा जिस कार में यह सोना ले जाया जा रहा था, उसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए है। इस तरह कुल मिलाकर जब्त किए गए सामान की कीमत लगभग 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार रुपए हो गई है। जब पुलिस ने तीनों से सोने के कागजात मांगे तो वे कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इसके बाद पुलिस ने सोने की ज्वेलरी और गाड़ी दोनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने आयकर विभाग को दी जानकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आगे की जांच के लिए संबंधित विभागों को सूचना भेज दी है। इसमें आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को भी जानकारी दी गई है, ताकि पता लगाया जा सके कि यह सोना कहां से आया है और इसे कहां ले जाया जा रहा था। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ चल रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में लगी हुई है। ……………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बस में यात्री के बैग से 46-लाख की चांदी जब्त,VIDEO:चेकिंग में वैध दस्तावेज नहीं मिले, ओडिशा से रायपुर आ रहा था छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने 46 लाख रुपए से ज्यादा के चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई नेशनल हाईवे के 53 रेहटीखोल चेक पोस्ट पर की गई, जहां एक बस में यात्री के पास से करीब 18.590 किलोग्राम चांदी के गहने बरामद हुए। पढ़ें पूरी खबर…


