कानपुर में एक पिता पर बेटी को चाकू से घायल करने और दांतों से काटने का आरोप लगा है। कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने कार मैकेनिक पति पर छह साल की बेटी के साथ बर्बरता करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि बच्ची की पीठ में चाकू लगने से खून निकलने लगा, इसके बावजूद आरोपी नहीं रुका और उसके सीने के पीछे की तरफ दांतों से काटकर घायल कर दिया। विरोध करने पर पत्नी को भी लात-घूंसों से पीटने का आरोप है। मंगलवार रात करीब 8 बजे महिला ने पुलिस से शिकायत कर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला मूलरूप से लखनऊ के काकोरी की रहने वाली है। उसने बताया कि करीब 11 साल पहले उसकी शादी कार मैकेनिक से हुई थी। शादी के बाद वह पति के साथ चकेरी में रहने लगी। दंपती की छह साल की बेटी एलकेजी में पढ़ती है। चाचा से झूठ बुलवाया, फिर भी बच्ची को पीटा महिला के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उसका पति नशे की हालत में घर आया। आरोप है कि उसने बेटी से कहा कि वह चाचा के पास जाकर बता दे कि मम्मी-पापा घर पर नहीं हैं। बच्ची पिता के कहने पर चाचा से यह बात कहने चली गई। महिला का आरोप है कि जब वह घर लौटी तो उसका पति हाथ में चाकू लेकर खड़ा था। इसी दौरान उसने बच्ची पर हमला कर दिया। महिला ने बचाव में हाथ मारा तो चाकू की नोक बच्ची की पीठ में लग गई और खून निकलने लगा। आरोप है कि इसके बाद भी पिता नहीं रुका और बच्ची को दांतों से काटकर घायल कर दिया। पापा ने चाकू से मारा, फिर दांत से काटा
बच्ची ने भी आरोप लगाया कि उसके पिता ने पहले चाकू से मारा और फिर दांतों से काटा। उसने बताया कि पिता के कहने पर चाचा से झूठ बोलने के बावजूद उसे पीटा गया। घटना के बाद मां अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर परेशान है। महिला ने पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि- घायल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

