39 लाख वोटर जुड़े, अब 2.07 करोड़ नाम बाहर! खरगे-राहुल गांधी ने पूछा- कौन सी वोटर लिस्ट सही?

39 लाख वोटर जुड़े, अब 2.07 करोड़ नाम बाहर! खरगे-राहुल गांधी ने पूछा- कौन सी वोटर लिस्ट सही?

SIR 2026: मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR ) को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग और भाजपा पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और दिल्ली की मतदाता सूचियों में बदलाव को लेकर सवाल उठाते हुए इसे ‘वोट चोरी’ बताया है।

कांग्रेस ने ये लगाए आरोप

खरगे ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बीच अचानक 39 लाख मतदाता बढ़े, जबकि अब एसआईआर के दौरान 2.07 करोड़ मतदाताओं को ड्राफ्ट सूची से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा को राजनीतिक फायदा होता है, वहां मतदाता जोड़े जाते हैं और जहां असुविधा होती है, वहां नाम काटे जाते हैं। चुनाव आयोग को निष्पक्ष चुनावों के प्रहरी के तौर पर काम करना चाहिए, लेकिन वह भाजपा के पक्ष में काम करता दिखाई दे रहा है।

राहुल गांधी ने भी महाराष्ट्र के आंकड़ों को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि हर पांचवें वोटर का नाम हटाया गया है। उन्होंने सवाल किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में 9.29 करोड़, विधानसभा चुनाव में 9.70 करोड़ मतदाता थे, जबकि SIR 2026 में यह संख्या 7.78 करोड़ बताई जा रही है। राहुल ने सवाल किया कि अब कौन-सी लिस्ट सही है?

बंगाल में 91 फीसदी नाम वापस जुड़ने का दावा

खरगे ने दावा किया कि बंगाल में एसआईआर में हटाए गए नामों में से 91 फीसदी नाम अपील के बाद वापस जोड़ने पड़े। राहुल गांधी ने कहा कि इसका मतलब है कि हर 10 में से करीब नौ नाम ऐसे थे, जिन्हें अपील के बाद फिर सूची में शामिल किया गया। पार्टी ने पूछा है कि जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए, उनके नाम हटाने का आधार क्या था।

दिल्ली में 33 लाख वोटर्स को नोटिस की तैयारी

खरगे ने आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं की संख्या बढ़ाई गई और अब 47.56 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर हैं। उन्होंने दावा किया कि 33 लाख अन्य मतदाताओं को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है। तेलंगाना और कर्नाटक में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा मतदाता सूचियों को लेकर शिकायतें किए जाने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *