Parag Shah Viral Video: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक पराग शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मुंबई के घाटकोपर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक पराग शाह भिखारी के वेश में सड़क किनारे बैठे और लोगों के बीच घूमते नजर आ रहे हैं। पहली नजर में वीडियो देखकर कई लोग हैरान रह गए कि आखिर करोड़ों की संपत्ति वाले विधायक ने भिखारी का रूप क्यों धारण किया? हालांकि, बाद में इस पूरे मामले की वजह सामने आई।
दरअसल, पराग शाह ने यह अनुभव जैन धर्मगुरु नम्रमुनि महाराज के सुझाव पर लिया। जैन धर्म के चातुर्मास के दौरान उन्हें एक दिन भिखारी का जीवन जीने और उस अनुभव को समझने की सलाह दी गई थी। गुरु के सुझाव को मानते हुए विधायक ने अपनी सुरक्षा, गाड़ी और महंगी वस्तुओं को पीछे छोड़कर कुछ घंटों के लिए भिखारी का रूप धारण किया।
घाटकोपर की सड़कों पर किसी ने नहीं पहचाना
बताया जा रहा है कि पराग शाह मेकअप और भिखारी के वेश में घाटकोपर की सड़कों पर घूमते रहे। इस दौरान उन्हें पहचानना लोगों के लिए बेहद मुश्किल रहा। वह सड़क किनारे बैठे, लोगों से भीख मांगी और उसी तरह भोजन किया, जैसे आम तौर पर सड़क पर रहने वाला कोई भिखारी अपना दिन गुजारता है।
इस अनुभव के दौरान विधायक ने यह समझने की कोशिश की कि एक भिखारी के लिए रोजमर्रा की जिंदगी कैसी होती है और उसे किन परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है।
मेकअप हटाकर फिर उन्हीं लोगों से मिले
इस पूरे अनुभव को और दिलचस्प बनाने के लिए पराग शाह उन स्थानों पर दोबारा भी गए, जहां उन्होंने भिखारी के रूप में समय बिताया था। इस बार उन्होंने अपना मेकअप हटा लिया और सामान्य रूप में लोगों से बातचीत की।
वायरल वीडियो में इस पूरे घटनाक्रम को दिखाया गया है। वीडियो किसी फिल्मी दृश्य जैसा नजर आ रहा है। विधायक के इस प्रयोग की अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा हो रही है।
महाराष्ट्र के सबसे अमीर उम्मीदवारों में रहे पराग शाह
पराग शाह की पहचान महाराष्ट्र के सबसे संपन्न राजनीतिक नेताओं में होती है। 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे में उन्होंने 3,383 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की थी। इसी के चलते वह चुनाव में महाराष्ट्र के सबसे अमीर उम्मीदवारों में शामिल रहे।
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब पांच साल पहले उनकी घोषित संपत्ति लगभग 500 करोड़ रुपये थी। कुछ वर्षों में उनकी संपत्ति में कई गुना बढ़ोतरी हुई। पराग शाह का कारोबार मुख्य रूप से रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़ा है।
पहले थे नगरसेवक
पराग शाह घाटकोपर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। राजनीति में आने से पहले और विधायक बनने के बाद भी उनका रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ाव रहा है। वह मुंबई महानगरपालिका के नगरसेवक भी रह चुके हैं।
अब भिखारी के वेश में घाटकोपर की सड़कों पर उनके घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस प्रयोग के पीछे उनके गुरु की सलाह और आम लोगों के जीवन को करीब से समझने की कोशिश को वजह बताया जा रहा है।


पवित्र पर्युषण पर्व पर एक प्रेरणादायी अनुभव
(@Siya83377032)