शाजापुर जिले के मक्सी में रविवार को तीन दिवसीय प्रभु भक्ति महोत्सव का धूमधाम से समापन हुआ। महोत्सव के आखिरी दिन 33 उपवास की कठिन तपस्या (मासक्षमण तप) पूरी करने वाली तपस्वी नेहा राहुल रुणवाल का पारणा नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने करवाया। जैन शास्त्रों में मासक्षमण तप को मोक्ष तप की संज्ञा दी गई है, जिसे मोक्ष के मार्ग की पहली सीढ़ी माना जाता है। इस कठिन तपस्या के दौरान तपस्वी नेहा ने लगातार 33 दिनों तक अन्न का पूरी तरह त्याग कर केवल दिन में 12 से 5 बजे के बीच गर्म पानी का ही उपयोग किया। रविवार को दोपहर करीब 12 बजे मंत्री विजयवर्गीय तपस्वी के घर पहुंचे और उन्हें केर का पानी पिलाकर उनका पारणा संपन्न करवाया। इस दौरान आयोजित वरघोड़ा में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। यह तीन दिवसीय महोत्सव 9 अक्टूबर को पंच कल्याणक महापूजा के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद 10 अक्टूबर को प्रभु भक्ति और जिनालय सज्जा का आयोजन किया गया, जिसका समापन 11 अक्टूबर को पारणा और भव्य वरघोड़ा के साथ हुआ। यह पूरा आयोजन आचार्य श्री नवरत्न सागर जी महाराज साहब के आशीर्वाद, आचार्य श्री विश्वरत्न सागर जी महाराज साहब की प्रेरणा और आचार्य श्री विजय दर्शन वल्लभ सुरिश्वर जी महाराज साहब की निश्रा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शामिल हुए कई नेता इस धार्मिक आयोजन में जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की बड़ी मौजूदगी रही। कार्यक्रम में शाजापुर विधायक अरुण भीमावद, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर और शाजापुर जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पांडे समेत कई भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए। इस पूरे आयोजन के लाभार्थी दिनेश, रवि और राहुल रुणवाल रहे, जिन्होंने अतिथियों का स्वागत और पारणा की व्यवस्था संभाली।

