सीतापुर जिले के थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। तिहार चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित घुरखेरा गांव में बीती रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए पक्की दीवार में नकब लगाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, घुरखेरा गांव निवासी शत्रुघ्न लाल शर्मा अपने परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात चोरों ने मकान के पीछे की पक्की दीवार में सेंध लगाकर घर के अंदर प्रवेश किया और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो दीवार कटी देख उनके होश उड़ गए और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला। पीड़ित शत्रुघ्न लाल शर्मा के मुताबिक, चोर उनके घर से करीब तीन लाख रुपये के जेवर और डेढ़ लाख रुपये नगदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार के लोग रोने-बिलखने लगे और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही तिहार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हालांकि, लगातार हो रही चोरियों को लेकर ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी का खुलासा नहीं कर पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही चोरियों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आम लोगों का अपने घरों में रहना मुश्किल हो जाएगा। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है।


