28 करोड़ के मूंग घोटाले में पुलिस की नाकामी:68 दिन बाद भी फरार जिला प्रबंधक और वेयरहाउस संचालक, मामले के तीसरे आरोपी ने की थी सुसाइड

28 करोड़ के मूंग घोटाले में पुलिस की नाकामी:68 दिन बाद भी फरार जिला प्रबंधक और वेयरहाउस संचालक, मामले के तीसरे आरोपी ने की थी सुसाइड

नर्मदापुरम जिले में करीब 28.14 करोड़ रुपए की सरकारी मूंग में मिट्टी मिलाने के मामले में 68 दिन बाद भी दो आरोपी फरार हैं। पुलिस अब तक उनका पता नहीं लगा पाई है। फरार आरोपियों में वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉरपोरेशन के जिला प्रबंधक वासुदेव दावंडे और कनकधारा वेयरहाउस के संचालक तारेश पुरोहित शामिल हैं। दोनों की सूचना देने वाले को पुलिस ने 5-5 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। मामले के तीसरे आरोपी तत्कालीन ब्रांच मैनेजर श्याम होसले की जून में खरगोन में मौत हो चुकी है। उसने आत्महत्या की थी। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि मूंग में मिलावट के मामले में कनकधारा वेयरहाउस संचालक तारेश पुरोहित और जिला प्रबंधक वासुदेव दावंडे फरार हैं। दोनों पर इनाम घोषित किया गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। 28 करोड़ की मूंग में मिली मिट्टी माखननगर स्थित कनकधारा वेयरहाउस में वर्ष 2023-24 और 2024-25 के दौरान समर्थन मूल्य पर खरीदी गई 31,298 क्विंटल सरकारी मूंग रखी गई थी। इसकी कीमत करीब 28.14 करोड़ रुपए बताई गई है। मूंग में मिट्टी मिलाने की शिकायत कलेक्टर नर्मदापुरम से की गई थी। 22 जुलाई को कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर जांच दल ने वेयरहाउस का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 23 स्टैक में गड़बड़ी मिली। कई बोरियों में तय सीमा से ज्यादा मिट्टी और अन्य बाहरी पदार्थ पाए गए, जबकि कुछ बोरियों में बड़ी मात्रा में मिट्टी मिली। जांच दल ने पंचनामा बनाकर संबंधित स्टॉक को सील कर दिया। 9 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर वेयरहाउस सील करने के नौ दिन बाद माखननगर थाने में मामला दर्ज किया गया। एफआईआर में कनकधारा वेयरहाउस संचालक तारेश पुरोहित, तत्कालीन शाखा प्रबंधक श्याम होसले और वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉरपोरेशन के जिला प्रबंधक वासुदेव दावंडे को आरोपी बनाया गया है। बताया गया है कि यह वेयरहाउस पहले भी ब्लैकलिस्ट हो चुका है। 4 करोड़ की मूंग चोरी में भी 3 आरोपी फरार नर्मदापुरम के माखननगर स्थित एकलव्य वेयरहाउस गोरा में फरवरी 2026 में करीब 4 करोड़ रुपए की सरकारी मूंग चोरी का मामला सामने आया था। करीब 9,900 बोरियों से मूंग चोरी कर बेचने और उनमें मिट्टी-रेत भरने का आरोप है। मामले में वेयरहाउस संचालिका आरती तोमर, उसके पति नरेंद्र तोमर और भाई अमित तोमर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं देवेश राजावत, अमर कोल और बालाजी इंडस्ट्रीज के कर्मचारी मुजीब अहमद अब भी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, अब तक करीब डेढ़ करोड़ रुपए की मूंग खपाए जाने का पता चला है। बाकी करीब ढाई करोड़ रुपए की मूंग कहां खपाई गई और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था, इसका पूरा खुलासा अभी नहीं हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *