25 वोटर एक मकान में, 7 असली-मतदाताओं के नाम गायब:भीलवाड़ा शहर के वार्ड 68 में लोग बोले- वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, जांच होनी चाहिए

25 वोटर एक मकान में, 7 असली-मतदाताओं के नाम गायब:भीलवाड़ा शहर के वार्ड 68 में लोग बोले- वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, जांच होनी चाहिए

भीलवाड़ा में शहर के वार्ड नंबर 68 के नागरिकों ने मतदाता सूची में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए सोमवार को एडीएम को शिकायत दी। वार्डवासियों का आरोप है कि बीएलओ की मिलीभगत से बड़ी संख्या में नए नाम सूची में जोड़े गए हैं, जबकि वार्ड में लंबे समय से रह रहे कई लोगों के नाम बिना उचित कारण हटा दिए गए। एक मकान में 25 नाम दर्ज होने का दावा
शिकायत में वार्डवासियों ने वार्ड 68 की भाग संख्या-1 के मकान नंबर 196 का उदाहरण देते हुए बताया कि यहां एक साथ 25 लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं। इसी तरह मकान नंबर 232 में 16 नाम दर्ज होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इनमें अलग-अलग समुदायों के लोगों के नाम एक ही मकान नंबर पर दर्ज हैं। वहीं, वार्ड में लंबे समय से निवास कर रहे शक्ति सिंह के परिवार के 7 सदस्यों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का आरोप लगाया गया है। एक ही व्यक्ति का नाम दो बार दर्ज करने का आरोप
वार्डवासियों ने शंकर लाल नाम के एक व्यक्ति का नाम उम्र में एक साल का अंतर दिखाकर दो बार दर्ज किए जाने का भी आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, करीब ढाई महीने पहले जारी मतदाता सूची में लगभग 3,200 मतदाता थे, जबकि नई सूची में यह संख्या करीब 4,500 तक पहुंचने की संभावना है। महज ढाई महीने में करीब 800 से 1,000 नए नाम जुड़ने को लेकर वार्डवासियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं और सभी नए नामों की जांच की मांग की है। भौतिक सत्यापन और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
वार्डवासियों ने एडीएम से मांग की है कि हाल में जोड़े गए सभी नए मतदाताओं के नामों का अनिवार्य भौतिक सत्यापन और पुनर्निरीक्षण कराया जाए। साथ ही, यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार बीएलओ और अन्य अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करती है। इसलिए जांच के बाद गलतियों को दूर कर सही और सही वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *