ब्यावर में अजमेर रोड स्थित श्रीमंदिर दादीधाम के 21वें पाटोत्सव का शुभारंभ सोमवार शाम को हुआ। पहले दिन दादीजी का विशाल संगीतमय मंगलपाठ आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यह मंगलपाठ दादी परिवार न्यास द्वारा बालकिशन मधुसूदन व्यास परिवार के सौजन्य से आयोजित किया गया। गोपाला ग्रुप के पाठ गायक सतीश सिकरवार ने विभिन्न प्रसंगों पर आधारित भजन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना हुई।
इसमें हनुमान स्तुति, पितर स्तुति, दादी जन्मोत्सव, विद्या अध्ययन, बान, हल्दी, मेहंदी, जयमाला, चुंदड़ी और गजरे से जुड़े भजन शामिल थे। गर्भगृह का विशेष श्रृंगार किया
मंगलपाठ के दौरान दादीजी के गर्भगृह का विशेष श्रृंगार किया गया। दादीजी को अटल छत्र और झिलमिल चुंदड़ी की छांव में चटक लाल एवं कत्थई रंग की दोहरी पोशाक धारण करवाई गई। मीना की रखड़ी, नौ लड़ी का हीरा जड़ित हार, मकराकृति कुंडल और वैजंती माला से दादीजी का श्रृंगार किया गया। गादी, तकिया और चरण चौकी को पीली मखमल से सजाया गया था। महाआरती के बाद बांटा प्रसाद
इस अवसर पर छप्पन भोग अर्पित किए गए। इनमें केसरिया रबड़ी, मलाई घेवर, रसमलाई, ठंडाई, अमरस, गुलाब और केवड़े के शीतल पेय सहित विभिन्न व्यंजन शामिल थे। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
इससे पहले सोमवार सुबह 9:30 बजे दादी परिवार न्यास के वरिष्ठ उपाध्यक्ष माणक डाणी ने मंदिर के मुख्य शिखर पर ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया था। कार्यक्रम में बृजमोहन व्यास, कांता व्यास, गायत्री व्यास, कमला व्यास, मधुश्री व्यास, रमेश शर्मा, ललिता शर्मा, राजकुमार शर्मा, यशोदा मालपानी, सीताराम, माधुरी-वल्लभ थानवी, श्रीकांत, मधुलिका पुरोहित, मनीष, हर्षा, मुदित, कंवल, निखिल, मोहेना सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद थे।


