आगर मालवा में गुरुवार देर रात करीब 200 गोवंश को सुदवास क्षेत्र से शिवगढ़ की गौशाला ले जाने को लेकर विवाद हो गया। कनाड़ मार्ग पर परसुखेड़ी के पास ग्रामीणों ने गोवंश ले जा रहे लोगों को रोक दिया। ग्रामीणों का कहना था कि उनके इलाके में पहले से ही बड़ी संख्या में लावारिस गोवंश घूम रहा है। उनकी मांग थी कि पहले उनके क्षेत्र के गोवंश को गौशाला में रखा जाए, फिर दूसरे इलाके से आने वाले गोवंश को जगह दी जाए। परसुखेड़ी के ग्रामीणों ने गोवंश लेकर आए लोगों को वापस लौटा दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आगर पहुंचे। साईं मंदिर के पास एक बार फिर विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे ग्रामीणों को हटाया। विवाद के दौरान सुदवास क्षेत्र से लाए गए करीब 200 गोवंश शहर में अलग-अलग जगहों पर फैल गए। इससे देर रात शहर में गोवंश इधर-उधर घूमते दिखे। इनके खिलाफ केस दर्ज थाना प्रभारी नागेश यादव ने बताया कि गाय छोड़ने को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान धर्मेंद्र पिता मेहरबान सिंह राजपूत घायल हो गए। धर्मेंद्र की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पन्नालाल यादव और उसके दो अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

