कटनी नगर निगम में रिश्वत मांगने की शिकायत पर जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई की। टीम ने नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। आरोप है कि ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में आवंटित प्लॉट पर निर्माण के लिए बैंक ऋण की अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने के बदले उसने 25 हजार रुपए मांगे थे। बैंक लोन के लिए NOC की जरूरत थी शिकायतकर्ता ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में प्लॉट नंबर 137 आवंटित हुआ था। वे प्लॉट पर निर्माण कराना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने एक राष्ट्रीयकृत बैंक में व्यावसायिक ऋण के लिए आवेदन किया था। बैंक ने लोन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम से प्लॉट की NOC मांगी थी। आरोप है कि NOC जारी करने के बदले संपदा शाखा के लिपिक आलोक गर्ग ने अशोक कनकने से 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इससे परेशान होकर उन्होंने जबलपुर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने शुरुआती जांच और सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। तय योजना के मुताबिक शुक्रवार को शिकायतकर्ता ने लिपिक को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में केमिकल लगे 20 हजार रुपए दिए। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई कर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। हाथों की धुलाई में गुलाबी हुआ पानी कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथों की केमिकल से जांच की गई। हाथ धुलवाने पर पानी गुलाबी हो गया। इसके बाद लोकायुक्त टीम आरोपी लिपिक को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले गई। वहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

