दतिया जिले में शुक्रवार को यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लागू किए गए नो एंट्री के नियमों तोड़ते हुए रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली शहर में घुसी। रफ्तार बहुत तेज थी, इसी दौरान यातायात पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन को तुरंत रोक लिया। उसे जब्त कर यातायात थाने ले जाया गया। यहां से उसके खिलाफ नो एंट्री का चालान तो कटा ही साथ ही उसके खिलाफ खनिज विभाग ने भी कार्रवाई कर दी। उल्लेखनीय है कि इसी महीने दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने शहर की चरमराती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कड़ा आदेश जारी किया था। इसके तहत सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह बैन लगाया गया है। इस फैसले का प्रशासनिक स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद भारी वाहनों और खनन माफिया की बेखौफ एंट्री पर लगाम नहीं लग सकी है। रिंग रोड के रास्ते खदेड़ा, थाने में किया बंद
शुक्रवार सुबह जब यह ओवरलोड ट्रैक्टर आनंद टॉकीज रोड के बीच पहुंचा, तो यातायात आरआई हिमांशु तिवारी ने टीम के साथ घेराबंदी कर उसे रोक लिया। बाजार में भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस ने ट्रैक्टर को वहीं से मोड़ने के बजाय रिंग रोड के रास्ते शहर के बाहर निकाला और सीधे यातायात थाने में ले जाकर खड़ा करा दिया। यातायात पुलिस अब नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। आरआई हिमांशु तिवारी ने बताया कि जब्त किए गए सोनालिका ट्रैक्टर पर नो एंट्री के उल्लंघन का चालान काटने के साथ ही माइनिंग एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब तक नियम तोड़कर शहर में घुसे ऐसे 7 ओवरलोड ट्रैक्टरों को पकड़ चुकी है, जिन पर लगातार चालानी और जब्ती की कार्रवाई जारी है। इसीलिए भी कार्रवाई जरूरी
हालही में ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हादसा हुआ था। इसमें एक डंपर मंदिर के रास्ते पर पहुंच गया। यहां हादसे में 14 लोगों की जान चली गई। दतिया शहर का बाजार संकरा है। त्योहार का सीजन है। बाजार में खासी भीड़-भाड़ हो गई है। ऐसे में भारी वाहनों की एंट्री लोगों के सामने हादसे का कारण बन सकती है।

