पन्ना के ऐतिहासिक श्री जुगल किशोर मंदिर में 20 साल बाद एक अद्भुत संयोग बना। लगातार 24 घंटे बारिश के बाद भगवान श्री जुगल किशोर जी ने शुक्रवार, 25 सितंबर को रात करीब 11 बजे कंबल ओढ़ा। उन्होंने भक्तों को ‘कमरिया स्वरूप’ में दर्शन दिए। इससे पहले वर्ष 2005 में श्रद्धालुओं को यह विशेष दर्शन हुए थे। मंदिर की पुरानी परंपरा के मुताबिक, राधाष्टमी के बाद बयारी आरती के बीच 24 घंटे बारिश होने पर मान्यता है कि भगवान गाय चराने निकलते हैं। उन्हें ठंड और बारिश से बचाने के लिए कंबल ओढ़ाया जाता है। इस खास पल के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। पूरा मंदिर परिसर जुगल किशोर जी के जयकारों से गूंज उठा।

