2 मैच, 4 दावेदार और प्लेऑफ का महा-सस्पेंस! द हंड्रेड लीग में पहली बार आखिरी गेंद तक खिंचेगा क्वालीफिकेशन का फैसला

2 मैच, 4 दावेदार और प्लेऑफ का महा-सस्पेंस! द हंड्रेड लीग में पहली बार आखिरी गेंद तक खिंचेगा क्वालीफिकेशन का फैसला

The Hundred 2026: मेंस द हंड्रेड 2026 के लीग स्टेज में अब सिर्फ दो मुकाबले बाकी हैं, लेकिन अभी भी प्लेऑफ की तीनों टीमें कन्फर्म नहीं हो पाई हैं। मंगलवार की देर रात मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स लीड्स के खिलाफ 10 विकेट से बड़ी जीत जरूर हासिल की, लेकिन इसके बावजूद प्लेऑफ के लिए उनका टिकट पक्का नहीं हो सका है। अब तक सिर्फ ट्रेंट रॉकेट्स ने 8 में से 6 मुकाबले जीतकर प्लेऑफ के लिए सीधे क्वालीफाई किया है। वहीं, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और सनराइजर्स लीड्स 5-5 जीत के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर काबिज हैं। इसके अलावा एमआई लंदन चौथे और वेल्श फायर 4 जीत के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद है। सदर्न ब्रेव, लंदन स्पिरिट और बर्मिंघम फोनिक्स की टीमें प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हैं।

सिर्फ 3 टीमें प्लेऑफ्स में बनाएंगी जगह

द हंड्रेड मेंस 2026 के प्लेऑफ में कुल 3 टीमें जगह बनाएंगी। पॉइंट्स टेबल के शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। एलिमिनेटर जीतने वाली टीम फाइनल में शीर्ष टीम से भिड़ेगी। फिलहाल मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और सनराइजर्स लीड्स के 20-20 अंक हैं, जबकि एमआई लंदन और वेल्श फायर के 16-16 अंक हैं। ऐसे में बाकी बचे 2 स्थानों के लिए 4 टीमें रेस में हैं।

एमआई लंदन और वेल्श फायर का एक-एक मैच बाकी है, जबकि ट्रेंट रॉकेट्स, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और सनराइजर्स लीड्स अपने सभी लीग मैच खेल चुके हैं। बाहर हो चुकी लंदन स्पिरिट और बर्मिंघम फीनिक्स का भी एक-एक मैच शेष है। वेल्श फायर और लंदन स्पिरिट आज कार्डिफ में आमने-सामने होंगी। अगर वेल्श फायर यह मैच जीतती है, तो उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार रहेंगी। हालांकि उन्हें अपना नेट रन रेट (NRR) भी काफी बेहतर करना होगा, जो वर्तमान में -1.01 है।

दूसरे मैच में एमआई लंदन की भिड़ंत बर्मिंघम फीनिक्स से होगी। एमआई लंदन यह मुकाबला जीतकर प्लेऑफ में जगह बना सकती है, क्योंकि उनका नेट रन रेट बेहतर स्थिति में है। इस तरह टूर्नामेंट के आखिरी दो मैचों से ही प्लेऑफ की बाकी दो टीमें तय होंगी। द हंड्रेड लीग के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब आखिरी दो मुकाबलों पर प्लेऑफ की दो टीमों का फैसला टिका है। टूर्नामेंट का एलिमिनेटर मुकाबला 14 अगस्त को लंदन में होगा, जबकि 16 अगस्त को लॉर्ड्स के मैदान पर खिताबी जंग खेली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *