अनूपपुर जिले के चचाई थाना क्षेत्र के देवहरा गांव में दो दिन से लापता 55 वर्षीय वृद्धा द्विजी बैगा का शव बुधवार सुबह उनके घर के पीछे कुएं में मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। वृद्धा 5 अक्टूबर की दोपहर से लापता थीं। बुधवार सुबह बहू कुएं से पानी भरने गई, तब उन्होंने शव को पानी में तैरते देखा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल अनूपपुर भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। चौकी प्रभारी रंगनाथ मिश्रा ने बताया कि वृद्धा के पैर में परेशानी थी। प्राथमिक जांच में संभावना है कि वह कुएं के पास अनियंत्रित होकर गिर गई होंगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा।

