शाहजहांपुर में एक 19 वर्षीय महिला ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना मंगलवार शाम की है। जानकारी के अनुसार, मृतका की मां राजकुमारी अंबेडकर जयंती की रैली देखने गांव में गई हुई थीं। इसी दौरान ज्योति ने घर के अंदर फांसी लगा ली। जब मां घर लौटीं, तो उन्होंने ज्योति का शव फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही मृतका की पहचान संभल जिले की रहने वाली ज्योति के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले संभल के थाना गिन्नौर क्षेत्र के गुटना निवासी भूपेंद्र यादव से हुई थी। ज्योति लगभग एक महीने पहले अपने मायके शाहजहांपुर के थाना खुटार क्षेत्र के मामदपुर सहजनिया गांव आई थी। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह ससुराल में किसी विवाद के चलते मायके आई थी या किसी अन्य कारण से। बताया जा रहा है कि, उसका पति भी करीब एक महीने तक उससे मिलने नहीं आया था। ज्योति अपनी मां राजकुमारी के साथ रहती थी, जबकि उसके पिता दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं। ज्योति की मां ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और कहा कि उन्हें आत्महत्या का कारण नहीं पता। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


