राजधानी के लोगों को जल्द ही गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क की सौगात मिलने जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को प्रस्तावित पार्क समेत इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान और होटल परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में निर्माण और अपग्रेडेशन के कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए। गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क को 15 अक्टूबर तक जनता के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। 25 एकड़ में विकसित हो रहा पार्क गोमती नगर में दयाल पैराडाइज चौराहे के पास सहारा ग्रुप से वापस ली गई करीब 25 एकड़ ग्रीन बेल्ट की जमीन पर शहर का पहला बायो-डायवर्सिटी पार्क विकसित किया जा रहा है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस पार्क में बटरफ्लाई गार्डेन, इंसेक्ट पोलिनेशन गार्डेन, नेचर ट्रेल, पाथवे, बच्चों के लिए प्ले एरिया, वॉटर बॉडी, वॉच टावर, पार्किंग, प्रवेश द्वार और कार्यालय समेत कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पार्क में लोगों के बैठने और आराम करने के लिए जगह-जगह गजीबो और बेंच भी लगाए जाएंगे। एलडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। देसी और प्रवासी पक्षियों के लिए बनेगा प्राकृतिक ठिकाना गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि यह देसी और प्रवासी पक्षियों के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास बन सके। गोमती नदी के बेसिन में पाई जाने वाली विभिन्न वनस्पति प्रजातियों को भी यहां संरक्षित किया जा रहा है। इनमें ऐसी प्रजातियां शामिल हैं, जो धीरे-धीरे विलुप्त होने की कगार पर हैं। पार्क के जरिए शहरवासियों और खासकर युवाओं एवं बच्चों को जैव-विविधता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही यह स्थान ईको-टूरिज्म और शैक्षिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। आईजीपी में 150 लोगों की क्षमता का आधुनिक मीटिंग हॉल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान (आईजीपी) के अपग्रेडेशन कार्यों का भी एलडीए उपाध्यक्ष ने जायजा लिया। अर्थ ब्लॉक में करीब 150 लोगों की क्षमता वाला अत्याधुनिक मीटिंग हॉल विकसित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इसे 30 सितंबर तक तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, सैटर्न ब्लॉक में करीब 600 लोगों की क्षमता वाले मैरिज हॉल का नवीनीकरण कराया जा रहा है। इसे नए स्वरूप में तैयार कर 25 अक्टूबर तक संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपाध्यक्ष ने बजट होटल का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्माण एवं अन्य कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। हिलटन गार्डेन होटल में पार्किंग और फायर सेफ्टी की जांच विभूति खंड स्थित होटल हिलटन गार्डेन के नए ब्लॉक का भी एलडीए उपाध्यक्ष ने निरीक्षण किया। होटल प्रबंधन की ओर से पूर्णता प्रमाण पत्र के लिए प्राधिकरण में आवेदन किए जाने के बाद यह निरीक्षण किया गया। इस दौरान पार्किंग, फायर एग्जिट, सेटबैक और एसटीपी समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की गई। उपाध्यक्ष ने होटल प्रबंधन को एसटीपी के संचालन से संबंधित दस्तावेज और अग्निशमन विभाग की एनओसी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

