माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी 2026 से शुरू होगी।
जिला शिक्षा अधिकारी राहुल कुमार राजपुरोहित ने बताया कि माध्यमिक, माध्यमिक व्यवसायिक एवं प्रवेशिका परीक्षाएं 12 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित होगी। जबकि उच्च माध्यमिक, उच्च माध्यमिक व्यवसायिक एवं वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक होगी। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद के अनुसार जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 9 निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों सहित कुल 121 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इनके लिए 121 केन्द्राधीक्षक, 9 अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक एवं 51 पेपर कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं। निजी स्कूलों वाले 9 केन्द्रों पर जिला परीक्षा संचालन समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर द्वारा माइक्रो ऑब्जर्वर सह पेपर कोऑर्डिनेटर की नियुक्ति भी की जाएगी।
इसको लेकर एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। जिसमें माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा संदर्भ व्यक्ति के रूप में प्रशिक्षित देवेन्द्र प्रसाद डाबी एवं दिनेश त्रिवेदी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने नवीन एवं अद्यतन निर्देशों के संबंध में जानकारी दी।


