मैनपुरी। फर्रुखाबाद से पवित्र गंगाजल लेकर गोला-गोकर्णनाथ और पूर्णागिरि मंदिर की यात्रा पर साइकिल से निकले कांवड़ियों से शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने मुलाकात की। कांवड़िये प्रतिदिन करीब 120 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर रहे हैं। उनके इस संकल्प और हौसले से अधिकारी भी प्रभावित हुए। शनिवार को फर्रुखाबाद सीमा के पास काली नदी पुलिस चौकी पर डीएम और एसपी खुद कांवड़ियों के बीच पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रतिदिन तय की जाने वाली दूरी, यात्रा के दौरान आने वाली परेशानियों और रास्ते में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी पूछा।
बेवर क्षेत्र के ग्राम दहेड़ निवासी कांवड़िया अवनीश और सुभाष ने बताया कि वे फर्रुखाबाद के गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर यात्रा पर निकले हैं। सबसे पहले वे गोला-गोकर्णनाथ पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन करेंगे। इसके बाद पूर्णागिरि मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे और फिर अपने गृह जनपद लौटेंगे। उन्होंने बताया कि पूरी यात्रा साइकिल से पूरी की जा रही है और प्रतिदिन करीब 120 किलोमीटर चलने का लक्ष्य रखा गया है। कांवड़ियों के इस संकल्प की डीएम ने सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्रा केवल आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का भी अभिन्न हिस्सा है। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर किसी भी कांवड़िए को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने पुलिसकर्मियों को यात्रा मार्ग पर लगातार सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। डीएम ने कांवड़ियों से भी निर्धारित मार्ग पर चलने, सुरक्षा नियमों का पालन करने और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की। इस दौरान तहसीलदार भोगांव घासीराम, प्रभारी निरीक्षक बेवर अनिल कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

