बिहार के अररिया जिले के 19 साल के मोनू मेटुरबाला का रविवार शाम मध्य प्रदेश में प्रवेश हुआ। वे अपनी मां के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन को 8 हजार किलोमीटर की दौड़ यात्रा पर हैं। बुरहानपुर के शाहपुर पहुंचने पर विधायक अर्चना चिटनिस ने उनका स्वागत किया। मोनू ने अभी तक 6 ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर लिए हैं, वे अब ओंकारेश्वर जाएंगे और वहां से उज्जैन के लिए रवाना होंगे। मोनू ने मां के प्रति समर्पण और भगवान शिव में आस्था के साथ यह यात्रा शुरू की है। उन्होंने अर्चना चिटनिस के स्वच्छ बुरहानपुर अभियान की तारीफ की। चिटनिस ने मोनू को स्टील के ग्लास में नारियल पानी पिलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने का संदेश दिया। मोनू ने मार्च 2026 में अपनी यात्रा शुरू की थी। मां की तबीयत खराब होने पर उन्होंने 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन दौड़कर करने का संकल्प लिया था। मां की सेहत में सुधार के बाद वे इस संकल्प को पूरा करने निकल पड़े। वे रोज लगभग 50 किलोमीटर दौड़ने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

