बूंदी जिले में पुलिस ने करीब 118 किलो 678 ग्राम अवैध मादक पदार्थ नष्ट किए हैं। इन मादक पदार्थों में गांजा, डोडा चूरा और स्मैक शामिल थे, जिन्हें जिले के पांच पुलिस थानों में दर्ज आठ अलग-अलग प्रकरणों में जब्त किया गया था। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय और महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज के निर्देशों पर की गई। कोर्ट से भौतिक सत्यापन के उपरांत, जिला औषधि व्ययन समिति ने रिजर्व पुलिस लाइन बूंदी के परिसर में इन मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया। पुलिस अधीक्षक शर्मा ने बताया कि थानों के मालखाने एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों से भरे हुए थे, जिससे अन्य जब्त सामान रखने में परेशानी हो रही थी। इस समस्या के समाधान हेतु, पुलिस अधीक्षक कार्यालय की अपराध शाखा ने संबंधित थानाधिकारियों से प्रस्ताव प्राप्त कर आवश्यक रिकॉर्ड तैयार किया था। मादक पदार्थों को नष्ट करने की इस प्रक्रिया के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी और पुलिस थानों के मालखाना प्रभारी उपस्थित रहे। मादक पदार्थों का आवश्यक रिकॉर्ड मिलान करने के बाद उनका वजन किया गया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी करवाई गई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 101 किलोग्राम डोडा चूरा, 17 किलो 606 ग्राम गांजा और 72 ग्राम स्मैक शामिल था। ये सभी पदार्थ थाना सदर, कोतवाली, केशवराय पाटन, हिंडोली और डाबी में दर्ज कुल आठ प्रकरणों में तस्करों के कब्जे से जब्त किए गए थे। इन सभी को बूंदी की जिला औषधि व्ययन समिति द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में नष्ट किया गया।


