बारां के किशनगंज थाना क्षेत्र में रामनगर-रेलावन लाइन पर भभूका गांव के पास खेत में सिंचाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ट्यूबवेल की पानी की मोटर निकालते समय ट्रैक्टर में लगी मशीन ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से छू गई। इससे करंट फैल गया और तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में ट्रैक्टर के टायर भी जल गए। मोटर निकालते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, किसान ट्रैक्टर में लगी मशीन की मदद से खेत में ट्यूबवेल की मोटर निकाल रहे थे। इसी दौरान मशीन का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। लाइन के संपर्क में आते ही तेज करंट मशीन और ट्रैक्टर में फैल गया। इसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहे तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों घायलों का निजी अस्पताल में इलाज जारी हादसे में झागर निवासी राहुल सुमन, झागर निवासी रामकुंवर गुर्जर और छप्पनपुरा निवासी काडूलाल गुर्जर झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत तीनों घायलों को बारां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार देर शाम से उनका इलाज जारी है। विधायक ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल घटना की जानकारी मिलने पर किशनगंज विधायक ललित मीणा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच हादसे की सूचना मिलने पर किशनगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

