औरैया। साइबर ठगी के मामलों में सक्रिय कार्रवाई करते हुए औरैया साइबर पुलिस ने तीन पीड़ितों को बड़ी राहत दी है। पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी में गंवाई गई कुल 1,41,504 रुपये की रकम सफलतापूर्वक उनके बैंक खातों में वापस करा दी। यह कार्रवाई साइबर सेल/साइबर क्राइम थाना की सतर्कता और लगातार की गई तकनीकी पड़ताल का परिणाम है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देश पर जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मामलों की त्वरित जांच, बैंकिंग समन्वय और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए ठगी की रकम को होल्ड कराकर वापस कराया गया। अधिकारियों के पर्यवेक्षण में साइबर सेल की सक्रियता अपर पुलिस अधीक्षक/नोडल साइबर आलोक मिश्र के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम पुनीत मिश्रा के मार्गदर्शन में साइबर सेल टीम लगातार ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य साइबर अपराधियों पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों को आर्थिक नुकसान से बचाना है। इन पीड़ितों को वापस मिली रकम साइबर पुलिस की कार्रवाई से जिन पीड़ितों को राहत मिली, उनमें— वीरपाल सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह, निवासी कोतवाली अजीतमल — ₹72,302 अभिषेक विश्नोई पुत्र महेन्द्र कुमार, निवासी कोतवाली औरैया — ₹39,199 अभिषेक पुत्र स्व. विनोद मिश्रा, निवासी कोतवाली औरैया — ₹30,003 रकम मिलने पर जताया पुलिस का आभार राशि वापस मिलने के बाद सभी पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक और साइबर सेल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के मामले में तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


