होशियारपुर में फौजी पर पत्नी की हत्या का आरोप:मृतका के परिजन बोले- मारपीट से हुई मौत, छत से गिरने की बताई झूठी कहानी

होशियारपुर में फौजी पर पत्नी की हत्या का आरोप:मृतका के परिजन बोले- मारपीट से हुई मौत, छत से गिरने की बताई झूठी कहानी

होशियारपुर जिले के मुकेरियां हलके के हाजीपुर कस्बे के समीप स्थित सुनेहड़ा गांव में एक फौजी पर अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका की पहचान रमा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति अमरजीत सिंह, उसके चाचा कुलदीप उर्फ कूकी और चाची सोनिया के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना 13 अगस्त की रात की है। आरोप है कि छुट्टी पर घर आए फौजी अमरजीत सिंह ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने परिवार और अन्य लोगों को गुमराह करने के लिए यह कहानी बनाई कि रमा छत से गिर गई है। इसके बाद उसे इलाज के लिए हाजीपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी बोले- बयान के आधार पर केस दर्ज जब रमा के परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने उसके शरीर पर चोटों के कई गहरे निशान देखे। इससे उन्हें संदेह हुआ कि उसकी मौत हादसे में नहीं, बल्कि मारपीट के कारण हुई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि रमा की शादी अमरजीत सिंह से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही अमरजीत रमा के साथ मारपीट करता था। 13 अगस्त की रात भी मारपीट के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी हरप्रेम ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अमरजीत सिंह को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि अन्य दो आरोपी फरार हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *