होटल चैंबर हादसे में प्रबंधन पर केस दर्ज:उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में सफाई के दौरान चार कर्मचारियों की हुई थी मौत

होटल चैंबर हादसे में प्रबंधन पर केस दर्ज:उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में सफाई के दौरान चार कर्मचारियों की हुई थी मौत

उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया है। हादसे के दो दिन बाद घायल हेमराज के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर माधव नगर थाना पुलिस ने एसएमबी होटल एंड रिसोर्ट के प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, चैंबर की सफाई के दौरान एक के बाद एक चार लोग उसमें फंस गए और उनकी मौत हो गई। उन्हें बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई थी। सफाई के लिए चैंबर में उतरे, एक के बाद एक चार की मौत पुलिस के अनुसार, हादसे में मनोज मीणा (25), निवासी ग्राम बुड मंडावर, जिला झालावाड़, राजस्थान; कमलेश तंबोली (30) और नितिन बिलरवान (28), निवासी वाल्मीकि नगर, उज्जैन; तथा वहीद खां (35), निवासी सुसनेर, आगर-मालवा, हाल मुकाम जुना सोमवारिया की मौत हुई। चारों देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल का ओवरग्राउंड चैंबर साफ करने उतरे थे। इस दौरान एक के बाद एक चारों चैंबर में फंस गए और उनकी जान चली गई। संचालक के बजाय प्रबंधन के खिलाफ दर्ज किया मामला पुलिस ने घायल हेमराज और प्रत्यक्षदर्शी के बयान तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होटल प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया है। एफआईआर में लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फिलहाल होटल संचालक को नामजद नहीं किया है। मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की सहायता हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए थे। वहीं, होटल चैंबर की सफाई के दौरान जान गंवाने वाले चारों लोगों के परिजन के विरोध के बाद होटल संचालक की ओर से भी प्रत्येक परिवार को 30-30 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की गई थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *