इंग्लिश क्लब हैम्पशायर क्रिकेट ने रेप मामले में बरी ऑलराउंडर स्कॉट कुगलेइन को नहीं खिलाने का फैसला किया है। फैंस ने न्यूजीलैंड के इस खिलाड़ी को काउंटी चैंपियनशिप के लिए टीम में शामिल करने का विरोध किया था। 34 साल के कुगलेइन को वारविकशायर के खिलाफ मैच से पहले हैम्पशायर की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया था। फैंस के विरोध के बाद क्लब ने फैसला बदला। कई फैंस ने कुगलेइन को टीम में शामिल करने को शर्मनाक और बेहद गलत बताया था। हैम्पशायर ने कहा- कुगलेइन क्लब के लिए नहीं खेलेंगे विरोध के बाद हैम्पशायर ने X पर बयान जारी कर कहा- ‘अपने स्टाफ और समर्थकों की प्रतिक्रियाओं के बाद हैम्पशायर क्रिकेट पुष्टि करता है कि स्कॉट कुगलेइन क्लब के लिए नहीं खेलेंगे। हम अपने फैंस के जुनून को अहमियत देते हैं।’ क्लब ने कहा, ‘अब हमारा ध्यान इस सीजन के काउंटी चैंपियनशिप के बाकी चार मैचों में टीम का समर्थन करने पर है। हम सभी से टीम के साथ एकजुट होने की अपील करते हैं।’ 11 साल पहले कुगलेइन 2 आरोप लगे थे, एक में बरी कुगलेइन पर 2015 में 2 अलग-अलग शिकायतकर्ताओं से जुड़े बलात्कार के जरिए यौन उल्लंघन और हमले के आरोप लगे थे। पहले ट्रायल में जूरी किसी फैसले पर नहीं पहुंच सकी थी, जिसके बाद दूसरे ट्रायल में उन्हें आरोपों से बरी कर दिया गया। बरी होने के बावजूद कुगलेइन को न्यूजीलैंड और घरेलू टीमों में चुने जाने पर पहले भी विरोध हुआ था। 2019 में ईडन पार्क में फैंस ने न्यूजीलैंड की टीम में उनके शामिल किए जाने के विरोध में पोस्टर दिखाए थे। कुगलेइन ने 23 इंटरनेशनल मैच खेले कुगलेइन ने न्यूजीलैंड की ओर से 23 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेला था। वे 2 वनडे और 18 टी-20 मैच भी खेल चुके हैं। हैम्पशायर डिविजन-1 में आखिरी स्थान पर 2026 काउंटी चैंपियनशिप के डिविजन-1 की पॉइंट्स टेबल में हैम्पशायर 10वें और आखिरी स्थान पर है। बेन ब्राउन की टीम ने 10 मैचों से 86 पॉइंट हासिल किए हैं। टीम 9वें स्थान पर मौजूद लीसेस्टरशायर से 16 पॉइंट पीछे है, जबकि आठवें स्थान पर मौजूद सरे से 19 पॉइंट दूर है। फिलहाल आठवां स्थान ही सुरक्षित स्थिति है। —————————————————————- काउंटी क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… आकिब नबी न्यूजीलैंड दौरे से पहले सरे से काउंटी खेलेंगे; टीम से जुड़े भारत के तेज गेंदबाज आकिब नबी न्यूजीलैंड दौरे की तैयारी के लिए इंग्लैंड गए हैं। वे वहां पर क्रिकेट क्लब सरे की ओर से काउंटी चैंपियनशिप डिविजन-1 के 3 मैच खेलेंगे। द हिंदु के अनुसार, आकिब मंगलवार को लंदन पहुंच गए हैं। पढ़ें पूरी खबर
हैम्पशायर ने स्कॉट कुगलेइन को टीम से हटाया:फैंस के विरोध के बाद फैसला, न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर पर रेप के आरोप थे, बरी हुए

