Post Office MIS में जॉइंट अकाउंट खुलवाकर 5 साल तक हर महीने कमा सकते हैं 8,942 रुपये इनकम, जानिए कितना करना होगा इन्वेस्ट

Post Office MIS में जॉइंट अकाउंट खुलवाकर 5 साल तक हर महीने कमा सकते हैं 8,942 रुपये इनकम, जानिए कितना करना होगा इन्वेस्ट

Post Office MIS Calculator: पिछले कुछ समय से शेयर बाजार में भारी उतार-चढाव के चलते लोग सेफ और तय रिटर्न वाले निवेश विकल्पों की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। अगर आपके पास एकमुश्त रकम पड़ी हुई है और आप उसे स्टॉक्स में लगाते हैं, तो निवेश कम होने का जोखिम बना रहता है। कई बार रिटर्न के लिए बहुत लंबा इंतजार भी करना पड़ जाता है। वहीं, पोस्ट ऑफिस एमआईएस में निवेश करें, तो आपको हर महीने ब्याज आय मिल जाएगी।

जॉइंट अकाउंट में इन्वेस्ट कर पाएंगे ज्यादा रकम

पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम में इस समय 7.4 फीसदी सालाना ब्याज दर ऑफर हो रही है। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, इस स्कीम में आप मंथली इनकम पा सकते हैं। पोस्ट ऑफिस एमआईएस में न्यूनतम 1000 रुपये इन्वेस्ट कर सकते हैं। इस स्कीम में अधिकतम निवेश की सीमा सिंगल और जॉइंट अकाउंट के लिए अलग-अलग है। सिंगल अकाउंट में अधिकतम 9 लाख रुपये इन्वेस्ट कर सकते हैं। वहीं, जॉइंट अकाउंट में अधिकतम 15 लाख रुपये इन्वेस्ट किये जा सकते हैं। यानी आपको ज्यादा बड़ी रकम इन्वेस्ट करनी है, तो जॉइंट अकाउंट खुलवाना होगा।

क्या हैं मैच्योरिटी के नियम?

पोस्ट ऑफिस एमआईएस में कोई भी भारतीय नागरिक इन्वेस्ट कर सकता है। इसमें आपको एकमुश्त निवेश करना होता है। इसके बाद आपको हर महीने ब्याज आय मिलने लग जाती है। इस स्कीम की मैच्योरिटी अवधि 5 साल है। यानी 5 साल तक आपको हर महीने ब्याज आय मिलेगी। इस स्कीम में मैच्योरिटी अवधि को आगे नहीं बढ़ा सकते हैं। साथ ही अकाउंट को 1 साल पूरा होने से पहले बंद भी नहीं कराया जा सकता है। अगर खाता खुलाने के 3 साल होने पर या इससे पहले अकाउंट बंद कराते हैं, तो जमा के 2 फीसदी के बराबर रकम काट ली जाती है और शेष रकम निवेशक को दे दी जाती है। अगर खाता खुलने के 3 साल बाद और मैच्योरिटी से पहले इस अकाउंट को आप बंद कराते हैं, तो जमा रकम के 1 फीसदी के बराबर राशि काट ली जाती है और शेष रकम निवेशक को दे दी जाती है।

पति-पत्नी दोनों मिलकर कर सकते हैं इन्वेस्ट

अगर आप इस स्कीम में ज्यादा पैसा जमा करना चाहते हैं, तो जॉइंट अकाउंट खुलवा लें, क्योंकि इस तरह आप अधिकतम 15 लाख रुपये इन्वेस्ट कर सकते हैं। आप चाहें तो अपनी पत्नी के साथ मिलकर जॉइंट अकाउंट खुलवा सकते हैं। आइए एक उदाहरण से समझते हैं।

विवरण आंकड़े
पति का निवेश ₹7,25,000
पत्नी का निवेश ₹7,25,000
कुल निवेश ₹14,50,000
ब्याज दर 7.4% सालाना
हर महीने ब्याज आय ₹8,942
5 साल में कुल ब्याज ₹5,36,520
5 साल बाद मूलधन ₹14,50,000
5 साल में कुल ब्याज + मूलधन ₹19,86,520

अगर पति और पत्नी दोनों मिलकर अपनी-अपनी बचत से 7,25,000-7,25,000 रुपये निकालें और कुल 14,50,000 रुपये इस स्कीम में इन्वेस्ट करें, तो आपको 5 साल तक हर महीने 8,942 रुपये ब्याज आय मिल सकती है। इस तरह आपको 5 साल में कुल 5,36,520 रुपये ब्याज के मिल जाएंगे। साथ ही आपको आपका मूलधन भी वापस मिल जाएगा।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *