हिसार के सेक्टर-14 और सेक्टर-33 के डिवाइडर रोड के पास मंगलवार सुबह करीब 9 बजे झुग्गियों में अचानक आग लग गई। आग ने देखते ही देखते छह झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें रखा कपड़ा, बर्तन, चारपाइयां, अलमारियां, बैग और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग के दौरान एक गैस सिलेंडर फटने से लपटें और भड़क गईं। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अनाज मंडी थाना पुलिस के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और दमकल टीम के साथ आग बुझाने में जुट गए। आग लगते ही झुग्गियों में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घरों से सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण काफी सामान नहीं बचाया जा सका। देखते ही देखते उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का सामान आग की भेंट चढ़ गया। महिला का हाथ झुलसा, कोई जानी नुकसान नहीं इस अग्निकांड में एक महिला का हाथ आग की लपटों से थोड़ा झुलस गया। हालांकि, किसी अन्य बड़े जानी नुकसान की सूचना नहीं है। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के बाद मौके पर सुलग रहे सामान की जांच की। दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए गैस सिलेंडरों को भी तलाशकर सुरक्षित करने का प्रयास किया गया। जिंदगी भर की जमा-पूंजी राख आग में अपना सब कुछ गंवा चुके परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। जले हुए सामान के बीच लोग अपनी बची-खुची चीजें तलाशते नजर आए। किसी के कपड़े जल गए तो किसी के बर्तन और बिस्तर राख हो गए। अचानक आई इस आफत ने प्रभावित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा कर दिया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

