गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय हिसार के कुलपति प्रोफेसर नरसीराम बिश्नोई को पद से रिलीव कर दिया गया है। उनके स्थान पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति डॉ. विजय कुमार को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने शनिवार को यह आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था नई स्थाई नियुक्ति और चयन प्रक्रिया पूर्ण होने तक लागू रहेगी। उल्लेखनीय है कि प्रो. नरसीराम बिश्नोई का 3 वर्ष का नियमित कार्यकाल 2 मई 2026 को ही पूरा हो चुका था। जिसके बाद उन्हें आगामी आदेशों तक के लिए कार्यवाहक प्रभार पर रखा गया था। अब उन्हें इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए सीडीएलयू वीसी डॉ. विजय कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी बार भी कुलपति की दौड़ में नरसी बता दें कि जीजेयू में कुलपति का कार्यकाल 3 वर्षों का होता है। कार्यकाल पूरा होने के बाद प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने दूसरे कार्यकाल के लिए भी दोबारा आवेदन किया हुआ है। विश्वविद्यालय के नए नियमित कुलपति के चयन के लिए सर्च कमेटी का गठन पहले ही किया जा चुका है। कुलपति पद के लिए देश भर से लगभग 122 प्रोफेसरों और प्रशासनिक अधिकारियों (IAS) ने आवेदन किया है। नए वीसी के चयन को लेकर यूनिवर्सिटी की कार्यकारी परिषद की बैठक भी आयोजित हो चुकी है और स्क्रीनिंग की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

