मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में साढ़े 17 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक स्थानीय जिप्सी चालक और होटल में काम करने वाले दो अन्य युवकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों पर पीड़िता के दोस्त को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार बनखेड़ी तहसील की रहने वाली पीड़िता पचमढ़ी में पढ़ाई करती है। बीती 19 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे, उसका एक स्कूल मित्र उससे मिलने पचमढ़ी आया था। बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात जिप्सी चालक हरिओम से हुई। उस समय हरिओम के साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे। इसके बाद ये सभी हरिओम की जिप्सी में बैठकर घूमने निकले। आरोपी उन्हें दक्षिण स्काउट गाइड के पास स्थित जंगल में ले गए। वहां आरोपियों ने दोनों को डराया-धमकाया और विरोध करने पर छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया। इसके बाद आरोपियों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों को वापस बस स्टैंड पर छोड़ा और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। परिजनों को बताई आपबीती, तब दर्ज हुआ मामला घटना के बाद डरी हुई पीड़िता अपने घर लौट आई और उसने स्कूल जाना बंद कर दिया। जब उसकी बड़ी बहन ने स्कूल न जाने का कारण पूछा, तो पीड़िता ने उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद रविवार रात पीड़िता परिजनों के साथ पचमढ़ी थाने पहुंची। पुलिस कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरिया से महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) मोनिका सिंह पचमढ़ी पहुंचीं और पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 115(2), 351(3), 3(5) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पर्यटन स्थल पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल इस घटना के बाद पचमढ़ी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वारदात में एक स्थानीय जिप्सी चालक की संलिप्तता सामने आने से चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि पचमढ़ी आने वाले पर्यटक आमतौर पर स्थानीय जिप्सी चालकों और गाइडों के सहयोग से ही क्षेत्र का भ्रमण करते हैं। स्थानीय नागरिकों ने पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने की मांग की है। तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया एसपी सांई कृष्णा एस थोटा का कहना है कि नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

