हिमाचल विधानसभा मानसून सेशन:बेरोजगारी पर तपेगा सदन, चर्चा की मांग के लिए BJP लाएगी काम रोको प्रस्ताव; हेल्थ-एजुकेशन से जुड़े सवाल गूंजेंगे

हिमाचल विधानसभा मानसून सेशन:बेरोजगारी पर तपेगा सदन, चर्चा की मांग के लिए BJP लाएगी काम रोको प्रस्ताव; हेल्थ-एजुकेशन से जुड़े सवाल गूंजेंगे

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। विपक्षी भाजपा बेरोजगारी के मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर सदन में काम रोको प्रस्ताव ला सकती है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान हर साल एक लाख और पांच साल में पांच लाख रोजगार देने का वादा किया था। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार अब तक इस वादे को पूरा नहीं कर पाई है। भाजपा के मुताबिक, प्रदेश में अब तक चंद हजार युवाओं को ही रोजगार मिल पाया है। पार्टी आज सदन की कार्यवाही रोककर बेरोजगारी के मुद्दे पर चर्चा की मांग करेगी। मांग स्वीकार नहीं की गई तो सदन में हंगामे के आसार हैं। यदि बीजेपी का स्थगन प्रस्ताव स्वीकार किया गया तो दूसरे विधायी कार्य चर्चा खत्म होने तक लटक जाएंगे। दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि से शुरू होगी कार्यवाही सदन की आज की कार्यवाही दो दिवंगत पूर्व विधायकों विजयेंद्र सिंह और राम चंद भाटिया के शोकोद्गार से शुरू होगी। शुक्रवार को वंदे मातरम को लेकर हुए हंगामे के कारण दोनों दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि नहीं दी जा सकी थी और सदन को आज सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया था। प्रश्नकाल में कई अहम सवाल गूंजेंगे शोकोद्गार के बाद सदन में प्रश्नकाल होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शासकीय कार्यसूची सदन में रखेंगे। इसके बाद राज्यपाल की मंजूरी प्राप्त विधेयकों को सदन के पटल पर रखा जाएगा। प्रश्नकाल में स्वास्थ्य, शिक्षा और लोक निर्माण विभाग से जुड़े कई सवाल गूंजेगे। बीजेपी विधायक विपिन सिंह परमार ने मानसून की बारिश से तबाही, केंद्र से विभिन्न मदों में मिली राहत राशि और आपदा प्रभावितों को कितना बजट दिया गया, इससे जुड़ा सवाल पूछ रखा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *