हापुड़ में गुरुवार को गणेश चतुर्थी और अनंत चतुर्दशी के लिए पुलिस ने सुरक्षा का पूरा प्लान तैयार कर लिया है। गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा। मेरठ परिक्षेत्र से जारी सुरक्षा प्लान के मुताबिक, हापुड़ जिले में 12 जगहों पर 13 गणेश प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। पुलिस ने संवेदशील जगहों की पहचान की उत्सव के दौरान जिले में 15 शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी। इन शोभायात्राओं और विसर्जन कार्यक्रमों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने संवेदनशील जगहों को पहचाना है। हापुड़ में 4 जगहों को संवेदनशील माना गया है, जहां पुलिस खास निगरानी रखेगी। 4 विसर्जन घाटों पर जिले की मूर्तियां विसर्जित होंगी विसर्जन के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। हापुड़ जिले में 4 विसर्जन घाट तय किए गए हैं। जिले की कुल 13 प्रतिमाओं में से 12 का विसर्जन जिले के अंदर होगा, जबकि एक प्रतिमा का विसर्जन जिले के बाहर किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शोभायात्राओं के रास्ते और समय पहले से तय कर आयोजकों से लगातार तालमेल बनाए रखें। मुख्य आयोजन स्थलों और संवेदनशील जगहों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल होगा। विसर्जन के दौरान गोताखोरों की टीम भी लगेगी विसर्जन घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी और सुरक्षा के सामान का इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को गहरे पानी में जाने से रोका जाएगा। गोताखोरों और जल सुरक्षा टीमों के साथ भी तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया है। महिला पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए भीड़ वाली जगहों पर महिला पुलिसकर्मी तैनात की जाएंगी। सोशल मीडिया पर अफवाह, गलत वीडियो या आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों पर भी पुलिस की खास नजर रहेगी। डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धार्मिक आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अच्छे माहौल में पूरा कराया जाए।

