हादसे ने छोटी बहन से छीना भाई: अजमेर में कांवड़ लाने निकले इकलौते मासूम बेटे की मौत, बिलख रहे परिजन

हादसे ने छोटी बहन से छीना भाई: अजमेर में कांवड़ लाने निकले इकलौते मासूम बेटे की मौत, बिलख रहे परिजन

Ajmer Child Death Kanwar Yatra: अजमेर: सावन में कांवड़ लाने की खुशी लेकर सोमवार सुबह हंसते हुए घर से निकला आठ साल का रितिक शाम होते-होते हमेशा के लिए चला गया। गांव के युवाओं के साथ पुष्कर से कांवड़ लाने ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार रितिक हिंगदड़ा चौराहे के पास अचानक ट्रॉली से सड़क पर गिरकर दूसरे वाहन की चपेट में आ गया।

बता दें कि गंभीर रूप से घायल होने पर उसे केकड़ी के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। देर शाम पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

ritik dies in road accident
मृतक रितिक

सरवाड़ के सोहनपुरा का रहने वाला था रितिक

जानकारी के अनुसार, सरवाड़ के सोहनपुरा निवासी किसान रामेश्वर धाकड़ का पुत्र रितिक (8) सोमवार सुबह कांवड़ लाने के लिए गांव के युवाओं के साथ ट्रैक्टर में रवाना हुआ था। ट्रैक्टर गांव की सरहद पार कर हिंगदड़ा चौराहे के पास पहुंचा ही था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठा रितिक अचानक सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान वह दूसरे ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल पहुंचते तो टूट गई जिंदगी की आस

दुर्घटना के बाद रितिक को तत्काल केकड़ी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। उसके बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर अजमेर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने सरवाड़ पुलिस को सूचना दी। इस बीच परिजन मोर्चरी के बाहर सरवाड़ थाना पुलिस का इंतजार करते रहे। देर शाम पहुंची पुलिस ने सड़क दुर्घटना का मामला दर्जकर शव का पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंपा।

ritik dies in road accident during kanwar yatra in ajmer
मृतक रितिक के माता-पिता

इकलौता पुत्र था

तीसरी कक्षा में पढ़ने वाला रितिक रामेश्वर धाकड़ का इकलौता पुत्र था। उसकी एक छोटी बहन भी है, जिस घर से सुबह रितिक की हंसते हुए आवाज गूंज रही थी। वहीं शाम को मातमी सन्नाटा पसरा था। बेटे की मौत से माता-पिता के आंसू नहीं थम रहे। मोर्चरी के बाहर दंपती बिलखते रहे। रितिक की मौत छोटी बहन से उसका भाई भी छीन ले गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *