खंडवा के इंदिरा सागर डैम के अति संवेदनशील और प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति मछली पकड़ने पहुंचे 12 लोगों के खिलाफ CISF ने कार्रवाई की है। सोमवार को हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में CISF ने सभी को मौके से पकड़ा। इनके कब्जे से कुल 6 बाइक, 6 मोबाइल फोन, 28 फिशिंग हुक, 6 कपड़े के बैग और अन्य सामान जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहां उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। सुबह 6:56 बजे प्रतिबंधित क्षेत्र में दिखे 10 लोग जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 6:56 बजे इंदिरा सागर डैम क्षेत्र में गश्त के दौरान सुरक्षा गार्ड मितेश कुमार की नजर कुछ लोगों पर पड़ी। उन्होंने देखा कि करीब 10 लोग पांच दोपहिया वाहनों से डैम क्षेत्र के लगभग 300 मीटर अंदर प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गए थे। इनमें एक किशोर भी शामिल था। बताया गया कि ये लोग डैम के प्रतिबंधित क्षेत्र में मछली पकड़ने की तैयारी कर रहे थे। CISF ने मौके पर पहुंचकर सभी को पकड़ा सूचना मिलने के बाद CISF के बल सदस्यों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को नियंत्रित किया। इसके बाद आरोपियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 5 बाइक, 4 मोबाइल फोन, 28 मछली पकड़ने के कांटे और 6 कपड़े के बैग बरामद हुए। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक मौके से मछली या मछली पकड़ने का जाल बरामद नहीं हुआ। टिमरनी और नरसुल्लागंज समेत कई इलाकों से पहुंचे थे पहली कार्रवाई में पकड़े गए लोगों में हातम खां (60), सेपु शाह (55), अफजल शाह (35), अकरम शाह (30), रेहान (15), साकिर खां (40), साबीद खां (40), सादिक खां (32), सलीम शाह (50) और नफीस खान (38) शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इनमें कई लोग देवास जिले के कन्नौद क्षेत्र के ग्राम डेरसिया और अमवाड़ा से आए थे। वहीं सलीम शाह हरदा जिले के टिमरनी और नफीस खान सीहोर जिले के नरसुल्लागंज क्षेत्र का निवासी बताया गया है। दूसरी कार्रवाई में मछली पकड़ते दो युवक पकड़े सोमवार को ही NHDC क्षेत्र की निगरानी के दौरान CISF टीम को दो संदिग्ध युवक डैम के प्रतिबंधित क्षेत्र में मछली पकड़ते हुए मिले।टीम ने दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद अरशद (25), पिता मोहम्मद याकूब और असफाक खान (26), पिता ईसाक खान के रूप में हुई। दोनों ग्राम मदनी, थाना हरसूद के रहने वाले बताए गए हैं। 65-70 किलोमीटर दूर से पहुंचे थे युवक पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवक डैम क्षेत्र से करीब 65 से 70 किलोमीटर दूर ग्राम मदनी से यहां पहुंचे थे। उनके कब्जे से MP-12-NA-1519 नंबर की बाइक, दो मोबाइल फोन और मछली पकड़ने के हुक, रस्सी समेत अन्य सामान बरामद किया गया। CISF ने सामान जब्त करने के बाद दोनों युवकों को पुलिस कार्रवाई के लिए सौंप दिया। डैम का इलाका प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित रिपोर्ट में उल्लेख है कि कलेक्टर कार्यालय खंडवा के पत्र क्रमांक 11460, दिनांक 6 अगस्त 1992 के तहत संबंधित डैम क्षेत्र को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है। ऐसे में बिना अनुमति इस क्षेत्र में प्रवेश करना और मछली पकड़ना सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ संबंधित मत्स्य नियमों का उल्लंघन माना जाता है। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील है डैम क्षेत्र इंदिरा सागर डैम क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। प्रतिबंधित क्षेत्र में अनधिकृत तरीके से प्रवेश करने वालों पर CISF की लगातार नजर रहती है। सोमवार को हुई दोनों कार्रवाइयों में बड़ी संख्या में लोगों के प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। CISF की सतर्कता के चलते सभी लोगों को समय रहते पकड़ लिया गया। सभी आरोपियों पर केस दर्ज CISF की कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और जब्त किए गए सामान की जांच की जा रही है। डैम के प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश कर मछली पकड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहने की बात सामने आई है।


