हाथरस में एक विवाहिता ने अपने जेठ पर दुष्कर्म के प्रयास और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला ने महिला थाने में शिकायत देकर पति, जेठ, सास, ससुर और जिठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि बच्चे न होने और दहेज कम मिलने की बात को लेकर ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता हसायन कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी शादी 20 जून 2021 को आगरा के बरहन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। महिला के पिता का कहना है कि शादी में करीब 9 लाख रुपए खर्च किए गए थे। आरोप है कि शादी के करीब छह महीने बाद ही पति, जेठ, सास, ससुर और जिठानी ने कम दहेज मिलने की बात कहकर विवाहिता को परेशान करना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद बच्चे नहीं होने को लेकर उसका पति भी उसे प्रताड़ित करता था। वह उस पर तलाक लेने का दबाव बनाता और उसकी अनदेखी करता था। इसी दौरान उसके जेठ की उस पर बुरी नजर होने का आरोप है। ससुरालीजन बाहर गए तो जेठ ने किया रेप का प्रयास विवाहिता ने पुलिस को बताया कि एक दिन उसके ससुरालीजन खरीदारी करने के लिए आगरा गए थे। घर में उसे अकेला पाकर जेठ ने कथित तौर पर उसे पकड़ लिया और बिस्तर पर गिरा दिया। आरोप है कि जेठ ने उसकी साड़ी खींचकर जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर जेठ वहां से भाग गया। महिला ने ससुरालीजनों के वापस लौटने पर अपनी सास को पूरी घटना बताई। आरोप है कि सास ने उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उसे ही अपशब्द कहे और बच्चे न होने को लेकर ताना दिया। विरोध करने पर मारपीट, साड़ी के फंदे से गला घोंटने का आरोप पीड़िता का आरोप है कि जब उसने सास की बात का विरोध किया तो पति, सास समेत अन्य ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की। उसने लात-घूंसों से पीटने और साड़ी के फंदे से गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, इसके बाद ससुरालीजन उसे गाड़ी से उसके मायके गांव लेकर आए और वहां छोड़ दिया। आरोप है कि जाते समय उन्होंने कहा कि अगर वह 2 लाख रुपए लेकर आएगी, तभी उसे ससुराल में रखा जाएगा, अन्यथा तलाक ले ले। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने पति, जेठ, सास, ससुर और जिठानी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि के लिए पीड़िता के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

