हाथरस जिले में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार को सादाबाद क्षेत्र के एक गांव की 23 वर्षीय युवती में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। युवती को इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। युवती के स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मिलने के बाद शनिवार शाम स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने घर-घर जाकर अन्य संदिग्ध मरीजों की तलाश की। करीब 40 घरों और युवती के परिवार में किसी भी व्यक्ति में बुखार के लक्षण नहीं मिले।
सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश ने बताया कि सादाबाद क्षेत्र की युवती को कुछ दिन से बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी थी। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे थे। वहां से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद युवती को तत्काल आगरा रेफर कर दिया गया। उसका एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा में उपचार चल रहा है। इससे पहले जिले में दो मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। पहला मामला मुरसान क्षेत्र और दूसरा सिकंदराराऊ क्षेत्र में सामने आया था। दोनों मरीज अब स्वस्थ हैं। सीएमओ ने बताया कि स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी सीएचसी और पीएचसी को अलर्ट कर दिया गया है। बुखार, जुकाम और खांसी के मरीजों की विशेष निगरानी की जा रही है। संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि खांसी-जुकाम होने पर मास्क पहनें, भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और हाथों की साफ-सफाई रखें। लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। विभाग ने सादाबाद में युवती के संपर्क में आए लोगों की पहचान भी शुरू कर दी है।

