हाथरस के नए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने आज कलेक्ट्रेट में गुरुवार दोपहर 12 बजे के लगभग मीडियाकर्मियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। पटेल ने परसों रात को कार्यभार संभाला था। वह 2013 बैच के IAS अधिकारी हैं। इससे पहले वह नगर विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर थे। जिलाधिकारी ने कहा कि हाथरस की भौगोलिक, आर्थिक और सामाजिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को पूरा कराना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि उनका खास फोकस चार-पांच सेक्टर पर रहेगा। उनकी पहली प्राथमिकता राजस्व और प्रशासन से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना है। खासकर बंटवारे और मेड़बंदी को लेकर होने वाले विवादों को सुलझाना उनकी प्राथमिकता होगी, जिससे लोगों की शिकायतें दूर होंगी। दूसरी प्राथमिकता सभी विकास योजनाओं को समय पर पूरा कराना है। वह देखेंगे कि कौन सी योजना किस स्टेज में है और उन्हें जल्द से जल्द पूरा करवाया जाएगा। तीसरा सभी योजनाओं को अंतिम लाभार्थी तक पहुंचाना है। यदि कहीं कोई कमी है, तो उसकी लगातार समीक्षा और निगरानी करते हुए हर जरूरतमंद को लाभ दिलाना उनकी कोशिश होगी। विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी… जनगणना के आंकड़े बिल्कुल सही हों और फील्ड में सही जानकारी आए, इसके लिए बेहतर ट्रेनिंग देकर कार्रवाई की जाएगी। आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर चुनाव आयोग के निर्देश पर सभी तैयारियां लगातार की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक और धार्मिक भाईचारा बनाए रखना उनकी और पुलिस की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार भी इसके लिए पूरी तरह से तैयार है। कानून व्यवस्था से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि वह यहां की सभी समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल कर उनका समाधान कराएंगे।

