पानीपत जिले में काबड़ी रोड स्थित कुलदीप नगर में शुक्रवार को छत पर खेल रहा सात वर्षीय बच्चा हाईटेंशन तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने के बाद बच्चा छत पर ही गिर गया। हादसा होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने बच्चे को उठाया और उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कुलदीप नगर निवासी दशरथ ने बताया कि वे मेहनत मजदूरी का काम करते हैं। उनका करीब सात वर्षीय बेटा प्रिंस शुक्रवार को घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान वह छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तार की चपेट में आने से उसे तेज करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया। बच्चे के करंट की चपेट में आने की जानकारी मिलते ही पड़ोसी आयुष, वसीम, अफसर, अमन, लक्की, चेतन और मोंटू मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रिंस को संभाला और तत्काल जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे करनाल रेफर कर दिया।

