हांसी में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू होकर जिला सचिवालय पर समाप्त हुई। यात्रा में हांसी के विधायक विनोद भयाना, डीसी राहुल नरवाल, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा नेता और विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। यात्रा का मुख्य आकर्षण 500 फीट लंबा तिरंगा था। विद्यार्थी और अन्य लोग इस तिरंगे को लेकर यात्रा में शामिल हुए। रेस्ट हाउस से जिला सचिवालय तक विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए। तिरंगा देश की आन, बान और शान : विनोद भयाना इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण आज देशवासी आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। विधायक ने युवाओं से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। यात्रा में शामिल विद्यार्थियों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि हाथ में तिरंगा लेकर चलने और 500 फीट लंबे तिरंगे को देखकर उनके दिल में जोश और गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने बताया कि तिरंगा देश के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना को और मजबूत करता है। दिखा देशभक्ति का माहौल विद्यार्थियों के अनुसार, ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने के साथ उन्हें देश के प्रति जिम्मेदारियों का एहसास भी कराते हैं। तिरंगा यात्रा के दौरान हांसी में जगह-जगह देशभक्ति का माहौल देखा गया। 500 फीट लंबे तिरंगे, हाथों में लहराते छोटे तिरंगों और भारत माता की जय के नारों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ही शहर में राष्ट्रभक्ति का संचार कर दिया।


