पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और आतंकी शहजाद भट्टी के लिए काम करने वाला कुलवंत अली गिरफ्तार हो चुका है। हरियाणा और पंजाब STF (विशेष कार्य बल) की संयुक्त टीम ने उसे फरीदाबाद के गांव झुग्गी छांयसा में उसकी बुआ परमजीत के घर से दबोच लिया। STF सूत्रों के अनुसार, कुलवंत अली 27 अक्टूबर की दोपहर को सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करके गांव झुग्गी छांयसा स्थित अपनी बुआ के घर पहुंचा था। यहां उसने अपनी बुआ के फोन से अपने साथी से संपर्क किया, जिसकी भनक पंजाब STF को लग गई। पंजाब STF की टीम ने बिना देरी किए हरियाणा STF के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान (Joint Operation) चलाया और रात के लगभग तीन बजे उसे सोते हुए गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अब उसकी बुआ परमजीत (36) दावा कर रही हैं कि परिवार में कोई भी कुलवंत अली को नहीं जानता। वह पहली बार उनके घर आया था। उनका कहना है कि कुलवंत उनकी बहू का सगा भतीजा नहीं है, बल्कि केवल दूर की जान-पहचान का है। पंजाब का निवासी होने के कारण उन्होंने उसे घर में आराम करने की अनुमति दी थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनके पूरे परिवार के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया, जिसके कारण परमजीत की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कौन है कुलवंत अली, जिसे दो स्टेट की पुलिस ने पकड़ा… बुआ के परिवार का दावा- कुलवंत को पहले कभी नहीं देखा बुआ परमजीत की सास ब्रह्मजीत ने बताया कि जब कुलवंत यहां पर आया था तो वह सभी खेतों में काम कर रहे थे। इससे पहले उसने कुलवंत को कभी नहीं देखा था। परजीत लुधियाना के कोट गांव की रहने वाली है जबकि कुलवंत फिरोजपुर का रहने वाला है। दोनों के गांव में काफी दूरी है। उनके घर में उनके दो बेटे अमरजीत (40), अमीर (35), उनके पति रामसिंह (70) और उनके बेटों की दो पत्नियां और 3 छोटे बच्चे है। पुलिस उनके घर में रात के करीब 3 बजे घुसी थी। उनका ये भी कहना कि परमजीत का कुलवंत से कोई रिश्ता नहीं है। मगर, पुलिस के मुताबिक परमजीत कुलवंत की रिश्ते में बुआ लगती है। पंजाब और हरियाणा एसटीएफ कर रही मामले की जांच कुलवंत की गिरफ्तारी के बाद अब पंजाब पुलिस की एसटीएफ इस मामले की दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है। सीमापार वह किन-किन से संपर्क में था, पंजाब में उसके कितने साथी है और उनकी मदद कौन कर रहा है? इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है। दूसरी तरफ, फरीदाबाद पुलिस भी परमजीत के परिवार से पूछताछ की तैयारी कर रही है। तिंगाव एसीपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है कि कुलवंत गांव में किस मकसद से आया था और यहां पर किन-किन लोगों से मिला था। कुलवंत की बुआ के घर के सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी। जांच में अगर कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के दायरे में रहकर कार्रवाही की जाएगी।

