हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र में हरदोई-सांडी मार्ग पर गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने रात करीब 7:20 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पेट्रोल पंप के सामने बाइक में मारी टक्कर कटहैया मजरा अखनापुर निवासी बलवीर (35) पुत्र भगवानदीन ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके बड़े भाई ओमवीर के अनुसार, गुरुवार देर शाम भट्ठे पर काम खत्म करने के बाद बलवीर बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के पास हरदोई-सांडी मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि वाहन चालक बलवीर को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे में बलवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में बलवीर को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां आपातकालीन कक्ष में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बलवीर की मौत से पत्नी माया और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपने पीछे तीन बेटियों और एक छोटे बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार में कमाने वाले सदस्य की मौत से बच्चों के पालन-पोषण और रोजी-रोटी को लेकर संकट खड़ा हो गया है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

