हरदुआगंज के भीमनगर में 62 वर्षीय गुड्डी देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उनका छोटा बेटा अवधेश और बहू शिवानी गायब हैं। मृतका की छोटी बेटी कुमकुम ने भाई-भाभी और उनके ससुराल पक्ष पर मां की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को अवधेश और उसके साले के बीच बातचीत का एक ऑडियो भी मिला है, हालांकि शुरुआती जांच में इसे पुराना बताया जा रहा है। अंतिम संस्कार हो जाने के कारण पुलिस फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटा रही है। अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
मूलरूप से ग्वालरा गांव निवासी गुड्डी देवी पति जगमोहन और छोटे बेटे अवधेश व बहू शिवानी के साथ हरदुआगंज के मोहल्ला भीमनगर में रहती थीं। परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं। बड़ा बेटा गांव में रहता है। परिजनों और मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, गुड्डी देवी और छोटे बेटे-बहू के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता था। बुधवार शाम भी विवाद हुआ था। इस दौरान अवधेश के ससुराल पक्ष के लोग घर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर चले गए। रात तक घर में तनाव बना रहा। गुड्डी देवी की बेटी से भी बातचीत हुई थी।
सुबह मौत की खबर मिली, गांव ले जाकर किया अंतिम संस्कार
गुरुवार सुबह परिजनों को गुड्डी देवी की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद शव को ग्वालरा गांव ले जाया गया, जहां दोपहर तक अंतिम संस्कार कर दिया गया। मां की मौत की खबर मिलने पर छोटी बेटी कुमकुम गांव पहुंची। अंतिम संस्कार होते देख उसने मौत पर संदेह जताया और भाई-भाभी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस गांव पहुंची, लेकिन तब तक अंतिम संस्कार हो चुका था।
ऑडियो मिला, लेकिन पुराना होने की बात
पुलिस को अवधेश और उसके साले के बीच बातचीत का एक ऑडियो मिला है। इसमें मारने जैसी बातों का जिक्र होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में ऑडियो पुराना बताया गया है। जांच में यह पहलू भी सामने आया है कि अवधेश की पत्नी सास से परेशान होने की शिकायत मायके में करती थी। पुलिस इसी पारिवारिक विवाद के संदर्भ में ऑडियो की पड़ताल कर रही है।
पिता से पूछताछ, अवधेश के साले को हिरासत में लिया
घटना के समय जगमोहन के घर के बाहर सोने की बात सामने आई है, जबकि गुड्डी देवी, अवधेश और शिवानी घर के अंदर सोए थे। जगमोहन ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। उधर, अवधेश और शिवानी के गायब होने के बाद पुलिस की जांच उनके इर्द-गिर्द केंद्रित हो गई है। अवधेश के साले को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मोहल्ले के लोगों ने रात में विवाद होने और सुबह घर पर बाहर से ताला लगा होने की बात भी पुलिस को बताई है।
हरदुआगंज इंस्पेक्टर जोगेंद्र सिंह ने बताया कि वृद्धा की मौत संदिग्ध है। बेटे-बहू के गायब होने से संदेह बढ़ा है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है और मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

