‘हनुमान अंश’ के इतिहास रचते ही डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी लेकर आएंगे तुलसीदास की कहानी, फिल्म का नाम रखा ‘रामबोला’

‘हनुमान अंश’ के इतिहास रचते ही डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी लेकर आएंगे तुलसीदास की कहानी, फिल्म का नाम रखा ‘रामबोला’

Hanuman Ansh director Vishal Chaturvedi announces Rambola: नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित आध्यात्मिक-ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए आयाम गढ़ रही है। महज 1.8 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। इस फिल्म का क्रेज इतना है कि 38वें दिन फिल्म ने 22 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन अपने नाम किया है। अब इस अभूतपूर्व सफलता के बाद, फिल्म के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने अपनी अगली बड़ी माइथोलॉजिकल और आध्यात्मिक फिल्म ‘रामबोला’ (Rambola) की घोषणा कर दी है।

हनुमान अंश के बाद विशाल चतुर्वेदी ने किया नई फिल्म का ऐलान

‘हनुमान अंश’ के जरिए दर्शकों के दिलों को छूने वाले विशाल चतुर्वेदी अब भारत के सबसे महान संत, कवि और आध्यात्मिक व्यक्तित्व महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी के असाधारण जीवन को सिनेमा के पर्दे पर उतारने जा रहे हैं। ‘रामबोला’ असल में गोस्वामी तुलसीदास जी के बचपन का नाम था।

फिल्म का पहला आधिकारिक पोस्टर हाल ही में जारी किया गया है, जिसने दर्शकों के बीच भारी उत्सुकता जगा दी है। इस फिल्म का लेखन और निर्देशन स्वयं विशाल चतुर्वेदी करेंगे, जबकि इसका निर्माण महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह मिलकर कर रहे हैं। फिल्म में संत तुलसीदास जी की बचपन की एकाकी यात्रा, राम भक्ति में उनका परिवर्तन, और श्री रामचरितमानस की रचना से भारतीय सनातन संस्कृति पर पड़े उनके अमिट प्रभाव को दिखाया जाएगा।

सोशल मीडिया पर जैसे ही इस फिल्म का ऐलान हुआ, लोग कमेंट करने लगे। एक यूजर ने लिखा, “मैंने 20 साल पहले मानस का हंस पढ़ा था जो तुलसीदास के जीवन पर आधारित एक उपन्यास है और मेरी हमेशा से इच्छा थी कि इसे स्क्रीन पर दिखाया जाए।” एक और ने लिखा, “विशाल चतुर्वेदी को 6 में से 6 नंबर। वह हमारे लिए तुलसीदास जी की कथा लेकर आएंगे।” एक अन्य ने लिखा, “ये भी हनुमान अंश की तरह की सफल होगी।”

Hanuman Ansh director Vishal Chaturvedi announces Rambola
नई फिल्म रामबोला को लेकर लोगों ने किए कमेंट
Hanuman Ansh director Vishal Chaturvedi announces Rambola
नई फिल्म रामबोला को लेकर लोगों ने किए कमेंट

38 दिनों में ‘हनुमान अंश’ ने रचा इतिहास

Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ का विजय रथ 38वें दिन भी जारी रहा है। 38वें दिन रविवार को फिल्म ने देशभर में 8,902 शोज के साथ रिकॉर्डतोड़ 22.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 214.63 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 253.55 करोड़ रुपये हो गया है।

विदेशों में भी फिल्म को खूब प्यार मिल रहा है, जहां ओवरसीज कलेक्शन 14.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 268.05 करोड़ रुपये हो चुका है। ‘रामबोला’ के अलावा महावीर जैन फिल्म्स बैक-टू-बैक कई बड़ी और प्रभावशाली फिल्मों पर काम कर रहा है। उनकी आगामी फिल्मों की लिस्ट में, मृगदीप सिंह लांबा द्वारा निर्देशित ‘नागजिला’ है जिसमें कार्तिक आर्यन मुख्य भूमिका में होंगे। साथ ही सूरज बड़जात्या की ‘ये प्रेम मोल लिया’ जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ हैं। वैश्विक आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर जी से प्रेरित घटना पर आधारित फिल्म ‘व्हाइट’ इसमें विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *