‘हनुमान अंश’ की सफलता पर बोले सोनू सूद, ‘सिर्फ ग्लैमर नहीं, कहानी पर फिल्में बनाएं’

‘हनुमान अंश’ की सफलता पर बोले सोनू सूद, ‘सिर्फ ग्लैमर नहीं, कहानी पर फिल्में बनाएं’

Sonu Sood on Hanuman Ansh Success: इस साल एक्टर सोनू सूद के मुंबई स्थित घर पर गणपति का जश्न नई शुरुआत का संदेश लेकर आया। हर गणेश चतुर्थी पर अपने जुहू स्थित घर में बप्पा का स्वागत करने वाले एक्टर ने ‘हनुमान अंश’ की सफलता से लेकर अपनी आने वाली नई फिल्म तक पर बात की और बताया कि वो इस फिल्म पर एक साल से ज्यादा समय से काम कर रहे हैं।

कहानी दमदार हो तो फिल्म को बड़े बजट, बड़े स्टार्स की जरूरत नहीं होती

‘हनुमान अंश’ की सफलता के बारे में बात करते हुए सोनू सूद ने कहा कि फिल्म का प्रदर्शन इस बात का सबूत है कि दर्शकों से जुड़ने के लिए फिल्म को बड़े बजट, बड़े स्टार्स या जबरदस्त मार्केटिंग की जरूरत नहीं होती। उनके लिए सबसे बड़ी बात यह है कि क्या कहानी लोगों के दिल को छू पाती है।

सोनू ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्म इतना अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म का प्रदर्शन यह भी साबित करता है कि बात बजट, चेहरों, अभिनेताओं या मार्केटिंग की नहीं है। बात कंटेंट की है जो काम करता है, कुछ ऐसा जो सीधे दिल से जुड़ता है।”

‘हनुमान अंश’ की सफलता इंडस्ट्री के लिए एक जरूरी सबक

अभिनेता का मानना ​​है कि फिल्म की सफलता इंडस्ट्री के लिए एक जरूरी सबक है, जो अक्सर बड़े पैमाने, ग्लैमर और स्टार पावर पर ज्यादा ध्यान देती है। उनके अनुसार, फिल्म निर्माताओं को ऐसी कहानियों पर ज्यादा जोर देने की जरूरत है जिनसे दर्शक खुद को जोड़ सकें।

उन्होंने आगे कहा, “इसलिए मुझे लगता है कि अब समय आ गया है कि हम सिर्फ ग्लैमर के लिए नहीं, बल्कि ऐसी कहानियां लेकर फिल्में बनाएं जो लोगों से जुड़ सकें, जिनसे वे खुद को जोड़ सकें। मुझे लगता है कि ‘हनुमान अंश’ से यही सबसे बड़ी सीख मिली है।”

इस साल बप्पा का आगमन एक नई शुरुआत के साथ हुआ

सोनू के लिए, इस साल बप्पा का आगमन एक और नई शुरुआत के साथ हुआ है। अभिनेता ने बताया कि वह अपने आने वाले प्रोजेक्ट ‘नंदी’ पर काम कर रहे हैं और इसकी लेखन प्रक्रिया में काफी ज्यादा मेहनत कर रहे हैं और समय दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, “यह साल बहुत खास होने वाला है। हम ‘नंदी’ नाम की एक स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। मैं पिछले 16 महीनों से इसे लिखने में व्यस्त हूं। मैं कहूंगा कि अपने पूरे करियर में मैंने लेखन के चरण में इतना काम कभी नहीं किया।”

सोनू सूद ने अपनी आने वाली फिल्म नंदी के बारे में की बात

सोनू ने बताया कि उन्होंने जान-बूझकर कहानी को सही बनाने में समय लगाया है, क्योंकि फिल्म की नींव लेखन के चरण में ही रखी जाती है। उन्होंने कहा, “जब आप कहानियां लिखते हैं, तो फिल्में असल में टेबल पर ही बनती हैं। हमने कुछ बहुत बेहतरीन बनाने के लिए काफी समय दिया है। मुझे लगता है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अब सब कुछ बप्पा पर निर्भर है कि वो हमें सही रास्ता दिखाएं और हम कुछ बहुत खास लेकर आएंगे।”

सोनू सूद घर पर गणपति का त्योहार मना रहे हैं। साथ ही, वे ‘हनुमान अंश’ की सफलता और ‘नंदी’ के साथ अपने अगले सफर की शुरुआत को आने वाले रोमांचक दौर के अच्छे संकेत के तौर पर देख रहे हैं।

39वें दिन ‘हनुमान अंश’ की क्या रही कमाई?

Sacnilk के ताजा आंकड़ों के अनुसार, विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ का 14 सितंबर को भारत में कुल नेट कलेक्शन 222.88 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 263.30 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। वहीं, ओवरसीज भी फिल्म ने सोमवार को 2 करोड़ रुपये की कमाई की। इस तरह से फिल्म का टोटल ओवरसीज कलेक्शन 16.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस तरह 39 दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 279.80 करोड़ रुपये हो गया है और जल्द ही फिल्म 300 करोड़ का आंकड़ा पार करने के नजदीक है।

हनुमान अंश के बारे में

विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित, ‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को रिलीज हुई थी और यह नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा को दिखाती है। फिल्म का अंत कहानी को आगे बढ़ाने की गुंजाइश भी छोड़ता है। उम्मीद है कि अगला चैप्टर बाबा की जड़ों यानी उनके जन्मस्थान फिरोजाबाद से शुरू होकर आगरा, मथुरा और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से जुड़ी दूसरी जगहों तक की कहानी दिखाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *