दुकान का सामान और बिक्री की रकम बरामद नहीं होने से परेशान महिला ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाने को मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की। वार्ड नंबर 5, आईटीआई बस्ती, मक्कासर निवासी पूजा यादव का आरोप है कि 7 अगस्त को शिकायत देने के बाद भी अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही दुकान का सामान व बिक्री की रकम बरामद हो सकी। 7 अगस्त को थाने में दी थी शिकायत पूजा यादव ने शिकायत में बताया कि उन्होंने 7 अगस्त 2026 को हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में शिकायत दी थी। इसमें कुछ लोगों से दुकान का सामान और बिक्री की रकम बरामद करवाने का अनुरोध किया गया था। महिला के अनुसार, शिकायत के बाद थाना प्रभारी ने हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार को संबंधित लोगों से सामान बरामद कर उसे सौंपने के निर्देश दिए थे। महिला का आरोप- आज तक नहीं हुई बरामदगी पूजा यादव का आरोप है कि थाना प्रभारी के निर्देश के बावजूद आज तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही दुकान का सामान व बिक्री की रकम बरामद हुई। महिला के अनुसार, जब उन्होंने हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार से सामान बरामदगी के संबंध में जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों के घर जाने में डर लगता है। महिला ने दावा किया है कि इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उसके पास है। SP से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले में ध्यान देकर हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाने को मुकदमा दर्ज करने, कानूनी कार्रवाई करने तथा दुकान का सामान और बिक्री की रकम बरामद करवाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है। जांच अधिकारी बोले- पारिवारिक विवाद का मामला वहीं, मामले के जांच अधिकारी हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार ने बताया कि यह महिला का पारिवारिक विवाद है। उन्होंने कहा कि इससे पहले महिला ने महिला थाने में शिकायत दी थी, जिसमें उसका ससुराल पक्ष से समझौता हो गया था। उनके अनुसार अभी भी महिला का पारिवारिक विवाद चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है।

