गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके की 28 साल की महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि शादी के बाद पति अंडमान निकोबार हनीमून मनाने लेकर गए। वहां पीरिडय आने पर नाराज हो गया। आरोप लगाया कि होटल के अंदर ही महिला पर लात-मुक्का और थप्पड़ बरसाने लगा। विरोध करने पर महिला का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। इस दौरान होटल कर्मचारियों ने आकर महिला की जान बचाई। महिला का आरोप है कि ससुराल पहुंचने पर शादी के 15वें दिन पति ने घर से निकाल दिया। साथ ही ससुराल वालों ने दहेज का 40 लाख से अधिक का सामान भी हड़प लिया। महिला करीब 3 साल तक थाने के चक्कर लगाती रही। लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। एसएसपी को प्रार्थना देने पर जांच कर एफआईआर लिखने का अधिकारी ने निर्देश दिया। एसएसपी के निर्देश पर शनिवार रात 9 बजे रामगढ़ताल थाने में दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र के पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ गंभीर धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। अब जानिए पूरा मामला दिल्ली के मैरिज लॉन से शादी हुई रामगढ़ताल क्षेत्र की महिला ने एफआईआर लिखवाई है। महिला ने बताया कि दिल्ली के रहने वाले निखिल मिश्रा से 30 मई 2023 को शादी हुई। ससुराल पक्ष की इच्छा के अनुसार, दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र के पटपड़गंज स्थित एक मैरिज लॉन से शादी का सारा कार्यक्रम हुआ। गोरखपुर से मेरे परिवार और रिश्तेदारी के लोग शादी में पहुंचे थे। शादी से पहले गोदभराई का कार्यक्रम 30 अप्रैल 2023 को गोरखपुर के मैरिज हाल से हुआ था। इसमे पति समेत ससुराल पक्ष के लोग दिल्ली से आए थे। इस दौरान ससुराल पक्ष ने कहा था कि जो भी सामना दीजिएगा, वो ब्रांडेड रहना चाहिए। पिता ने 20 लाख नकद, एक हुंडई वेन्यू कार समेत 40 लाख रुपये दहेज में दिए थे। हनीमुन मनाने अंडमान निकोबार गए महिला ने बताया कि 2 जून 2023 को विदा होकर ससुराल पहुंची। इस दौरान दहेज के सामान को लेकर ससुराल वाले अपमानित किए। इस दौरान पति 4 जुलाई से लेकर 12 जुलाई तक अंडमान निकोबार हनीमून पर लेकर गए। वहां पीरिडय आने की वजह से पेट में तेज दर्द होने लगा। इस दौरान काफी खून भी निकला। दर्द से रोने लगी। महिला ने आरोप लगाया कि यह सब देखकर पति नाराज हो गए। वह मुझे लात-मुक्का और थप्पड़ से मारने पीटने लगे। विरोध करने पर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश किए। इस दौरान होटल कर्मचारी आकर दरवाजा तेज-तेज खटखटाने लगे। तब डरकर पति मुझे छोड़कर हट गए। इसके बाद मेरे पिता को कॉल कर गालियां दी। बोले अपनी बेटी को दिल्ली आकर घर ले जाओ। मेरे साथ नहीं रहेगी। किसी तरह दिल्ली ससुराल आई। यहां आते ही सास को सारी बात बताई। तब सास और ननद भी पति का साथ देते हुए प्रताड़ित करने लगीं। शादी के 15 दिन बाद ही 14 जुलाई 2023 को मुझे ससुराल से भगा दिया गया। मेरे पिता भी आए, उन्होंने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें भी बेइज्जत कर निकाला गया। महिला ने आरोप लगाया है कि ससुराल वाले घर से निकालने के बाद भी दहेज का सामान वापस नहीं कर रहे हैं। पति व्हाट्सएप पर मैसेज कर आए दिन जान से मारने की धमकी देता है। इस संबंध में रामगढ़ताल थाना प्रभारी श्यामा नंद राय ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले की जांच उप निरीक्षक सुनील कुमार यादव को सौंपी गई है। जांच कर साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


