पीएम मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर CJP का तीखा हमला, कहा- घंटियां बज रही, लोग अब जाग रहें!

पीएम मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान पर CJP का तीखा हमला, कहा- घंटियां बज रही, लोग अब जाग रहें!

PM Modi ‘Dimagi Naxal’ remark: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के भाषण में ‘दिमागी नक्सल’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर सियासी विवाद शुरू हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने पीएम मोदी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केवल सरकार से सवाल पूछने वाले शिक्षित युवाओं को ‘नक्सली’ बताना गलत है। यह सरासर अहंकार दिखाता है।

15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि देश में सशस्त्र नक्सलवाद तो अंतिम सांसें ले रहा है, लेकिन ‘दिमागी नक्सल’ सोच रखने वाले कुछ लोग देश में हिंसा, अशांति और अराजकता फैलाने के मौके तलाश रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने भाषण में जोर दिया था कि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें समाज से अलग-थलग किया जाना चाहिए, जबकि भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने के प्रयास होने चाहिए।

‘सिर्फ सवाल पूछने पर युवाओं को नक्सली कैसे कह सकते हैं?’

पीएम मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए CJP प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि प्रधानमंत्री को शिक्षित युवाओं को इस तरह ‘नक्सली’ नहीं कहना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर युवा सरकार से सवाल पूछते हैं तो उन्हें नक्सली करार देने का अधिकार किसे है।

दास ने अपनी पोस्ट में कहा कि ‘दिमागी नक्सल’ जैसे शब्दों से काम नहीं चलेगा। उन्होंने इसे युवाओं की आवाज को दबाने की कोशिश बताते हुए प्रधानमंत्री पर ‘अहंकार’ और समस्याओं का समाधान करने में ‘अक्षमता’ का आरोप लगाया। दास ने आगे लिखा, “घंटियां बज रही हैं। जागृति आ चुकी है।”

‘12 साल बाद देश सच्चे अर्थों में आजादी मना रहा’

स्वतंत्रता दिवस पर एक अन्य संदेश में सौरव दास ने दावा किया कि देश शायद 12 साल बाद इस दिन को ‘सच्चे अर्थों में’ मना रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के भीतर का डर टूट चुका है।

दास के मुताबिक, जिस पीढ़ी से चुप रहने के लिए कहा गया था, उसे अब अपनी आवाज मिल गई है। उन्होंने दावा किया कि जिस पीढ़ी से कहा गया था कि कुछ भी नहीं बदलेगा, उसने अब बदलाव की उम्मीद करना शुरू कर दिया है।

उन्होंने इसे ‘जागृति का युग’ और ‘शांतिपूर्ण विरोध का युग’ बताया। दास ने कहा कि आने वाले समय में लोग पुराने, भ्रष्ट, अक्षम और अहंकारी लोगों को सत्ता से बाहर कर देंगे।

‘हर जिले में एक नया जंतर-मंतर बन रहा’

सौरव दास ने अपने संदेश में कहा कि देश के हर जिले में एक ‘जंतर-मंतर’ जन्म ले रहा है। उनके मुताबिक, यह उन लोगों के लिए उम्मीद की जगह है जो खुद को निराश महसूस करते हैं और उन लोगों के लिए ताकत का केंद्र है जिन्हें लगता है कि उनके पास कोई शक्ति नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग Gen-Z और युवाओं को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। दास ने कहा कि युवाओं को ‘तुम्हारी Gen-Z बनाम हमारी Gen-Z’ के रूप में बांटने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब लोग बंटने से इनकार कर देते हैं तो उनकी ताकत सबसे ज्यादा होती है। दास ने अपने संदेश में लिखा कि सत्ता वाले डर फैलाएंगे, लेकिन युवा साहस फैलाएंगे। उन्होंने दावा किया कि अब लोगों के मन से डर निकल चुका है और वे पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *