भगवान बांके बिहारी जी के प्राकट्य कर्ता,रसिक संत एवं महान संगीत साधक स्वामी हरिदास जी का 546वां आविर्भाव महोत्सव वृंदावन में 13 से 19 सितंबर तक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर अटल्ला चुंगी स्थित एक होटल में आयोजकों द्वारा बैठक आयोजित की गई। इसमें महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने महोत्सव के कार्यक्रमों एवं तैयारियों की जानकारी दी। धार्मिक,संस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम होंगे महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने बताया कि सात दिवसीय आविर्भाव महोत्सव का आयोजन श्री स्वामी हरिदासीय रसोपासना पीठ एवं श्री स्वामी हरिदासीय राधा प्रसाद सेवा ट्रस्ट (रजि.) के तत्वावधान में श्री राधा प्रसाद धाम, गोपाल खार, परिक्रमा मार्ग वृंदावन में किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं संगीत से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। महाभिषेक से शुरू होगा उत्सव आचार्य बद्रीश ने बताया कि 13 सितंबर रविवार को प्रातः आठ बजे स्वामी जी महाराज का महाअभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह नौ बजे श्री ललित कुंज से श्री राधा प्रसाद धाम तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सायंकाल भजन संध्या का आयोजन होगा। 14 सितंबर को ध्रुपद-धमार संगीत समारोह में देश के विभिन्न स्थानों से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 15 सितंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम, ब्रजवासी बालक-बालिकाओं की प्रस्तुतियां और भजन संध्या होगी। स्वामी अतुल कृष्ण महाराज ने बताया कि 16 सितंबर को 546 कमल पुष्पों से पुष्पचयन के साथ यमुना महारानी की आरती की जाएगी। संत-महात्माओं के सान्निध्य में धार्मिक आयोजन एवं भजन संध्या भी होगी। विशाल भंडारे के साथ होगा आयोजन का समापन समाजसेवी राम किशन अग्रवाल ने बताया कि 17 सितंबर को समाजसेवा, धार्मिक, कला, साहित्य एवं पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। ध्यान मूर्ति फाउंडेशन के हरिओम शर्मा ने बताया कि 18 सितंबर को सुबह 10 बजे से विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 19 सितंबर को महोत्सव का समापन विशेष धार्मिक आयोजनों, महाअभिषेक एवं विशाल भंडारे के साथ होगा।

