“स्टेज पर बेइज्जत करना जरूरी था क्या?”, दलेर मेहंदी को लेकर मंत्री सुबोध उनियाल पर फूटा अनुपम खेर का गुस्सा

“स्टेज पर बेइज्जत करना जरूरी था क्या?”, दलेर मेहंदी को लेकर मंत्री सुबोध उनियाल पर फूटा अनुपम खेर का गुस्सा

Anupam Kher On Daler Mehndi: उत्तराखंड में फेमस सिंगर दलेर मेहंदी (Daler Mehndi) और राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुई तीखी बहस का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंच पर विधायक ने गायक पर ठीक से न गा पाने और नशे में होने के आरोप लगाए थे। जिसके बाद उनकी छोटे भाई मीका सिंह ने भड़कते हुए सबूत मांगे थे, अब उसी विधायक पर अनुपम खेर ने भी अपना गुस्सा उतारा है और वीडियो जारी कर इस सार्वजनिक अपमान पर गहरी नाराजगी जताई है। 

दलेर मेहंदी के नशे में होने वाले बयान को लेकर विधायक पर भड़के अनुपम खेर

अनुपम खेर ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि जिस तरह से एक बड़े कलाकार के साथ मंच पर सबके सामने बात की गई, उससे उन्हें बेहद दुख पहुंचा है। दलेर मेहंदी के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने सिंगर के चरित्र का बचाव किया।

अनुपम खेर ने कहा, “मैं दलेर मेहंदी को पिछले 20-30 सालों से जानता हूं, और जहां तक मेरा सवाल है, मैं कह सकता हूं कि वह शराब नहीं पीते। जहां तक मुझे पता है, वह उन सबसे अच्छे इंसानों में से एक हैं जिनसे मैं मिला हूं।”

अनुपम खेर ने अपने एक कॉमन फ्रेंड का हवाला देते हुए यह भी खुलासा किया कि वह पिछले दो-तीन साल से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और उनकी सेहत ठीक नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी दलेर ने आयोजकों के लिए अपना कमिटमेंट निभाया, जो उनके सच्चे प्रोफेशनलिज्म को दर्शाता है। अभिनेता ने माना कि भले ही परफॉर्मेंस के दौरान लिप-सिंक जैसी स्थिति रही हो, लेकिन किसी भी कलाकार के साथ इस तरह का सार्वजनिक व्यवहार करना बेहद गलत चीज है।

अनुपम खेर ने मंत्री को दी सीधी नसीहत- “सम्मान के साथ सुलझाई जा सकती थी बात”

अनुपम खेर ने शेयर वीडियो के कैप्शन में सीधे तौर पर उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल को संबोधित करते हुए लिखा कि यदि मंत्री को परफॉर्मेंस से कोई शिकायत या नाराजगी भी थी, तो भी इस मामले को अकेले में और इज्जत के साथ सुलझाया जा सकता था। उन्होंने सवाल किया कि क्या स्टेज पर सबके सामने कलाकार को जलील करना वाकई जरूरी था?

अनुपम खेर ने अपनी बात खत्म करते हुए दलेर मेहंदी के लिए एक दिल को छू लेने वाला नोट भी लिखा, जिसमें उन्होंने कहा, “दलेर-जी, आप एक बहुत अच्छे आर्टिस्ट हैं और उतने ही अच्छे इंसान भी। कृपया अपना ख्याल रखें। भगवान आपको अच्छी सेहत दे। मेरा प्यार और इज्जत हमेशा आपके साथ है।” बता दें, इस विवाद के बाद मीका सिंह, बादशाह और कपिल शर्मा जैसे कई बड़े सितारे भी दलेर मेहंदी के समर्थन में खुलकर सामने आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *