महालक्ष्मी मंदिर का दर्शन साबित हुआ आखिरी! सतारा के 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे

महालक्ष्मी मंदिर का दर्शन साबित हुआ आखिरी! सतारा के 4 दोस्तों की दर्दनाक मौत, स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे

Pune Bangalore Highway Accident: महाराष्ट्र के सातारा जिले में कराड के पास पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कुछ दिन पहले ही यातायात के लिए खोले गए नए छह लेन के फ्लाईओवर पर हुआ। सभी युवक कोल्हापुर स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी देवी मंदिर गए थे और दर्शन कर स्कॉर्पियो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

महालक्ष्मी देवी के दर्शन कर लौट रहे थे 7 दोस्त

मिली जानकारी के अनुसार, सातारा जिले के खटाव तालुका स्थित कातरखटाव गांव के युवक दशहरे के अवसर पर कोल्हापुर में मां महालक्ष्मी के दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के बाद सभी स्कॉर्पियो से रात में अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे कराड शहर के पास पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर नए छह लेन के फ्लाईओवर पर उनकी गाड़ी आगे चल रहे एक ट्रक से पीछे से टकरा गई।

हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल कराड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे में इन चार युवकों की मौत

इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान तेजस देशमुख (25), सागर निंबालकर (23), सुयश चिंचकर (20) और रोहित धोत्रे (21) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि तेजस हादसे के समय स्कॉर्पियो चला रहा थे।

वहीं, हादसे में ऋतुराज दुबले (21), शंतनु शिंगाडे (20) और अमन तांबोली (23) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का कराड के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

नए फ्लाईओवर पर पहला बड़ा हादसा

हादसे की सूचना मिलते ही कराड की डीवाईएसपी राजश्री पाटील दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी बचाव कार्य में मदद की।

जानकारी के मुताबिक, कराड के पास इस नए छह लेन के फ्लाईओवर को कुछ दिन पहले ही यातायात के लिए खोला गया था। इस पर हुआ यह पहला बेहद गंभीर हादसा बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *